7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

22 अगस्त से विदेश दौरे पर राहुल गांधी, लंदन कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं : पित्रोदा

राहुल गांधी 22 और 23 अगस्त को जर्मनी में रहेंगे और वह 24 व 25 अगस्त को लंदन में बिताएंगे।

2 min read
Google source verification
rahul gandhi

22 अगस्त से विदेश दौरे पर राहुल गांधी, लंदन कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं : पित्रोदा

नई दिल्ली: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (IOC) के अध्यक्ष, सैम पित्रोदा ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आगामी ब्रिटेन दौरे के दौरान तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पित्रोदा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के आगामी ब्रिटेन यात्रा के दौरान उनके द्वारा ब्रिटिश संसद का दौरा रद्द किए जाने की गलत सूचना फैलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल वहां संवाद करेंगे। पित्रोदा ने कहा कि गांधी लंदन में विचार मंच, संसद, लंदन स्कूल ऑफ इकॉनॉमिक्स और कई अन्य संस्थानों में राजनेताओं, कारोबारियों, अकादमिक क्षेत्र के लोगों और विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी का लंदन दौरा पूर्व निधारित कार्यक्रम के अनुसार होगा।" उन्होंने बताया कि राहुल गांधी लंदन में इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन से भी बातचीत करेंगे और 25 अगस्त को आईओसी की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पित्रोदा ने कहा, "राहुल गांधी से संवाद करने के लिए संस्थान व लोग इतने इच्छुक हैं कि वह पूरे सप्ताह भी लंदन में बिताएंगे तो वह सबको खुश नहीं कर पाएंगे।"

यहां से होगी राहुल गांधी की यात्रा शुरू

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का 22 अगस्त से विदेश दौरा शुरू हो रहा है। राहुल गांधी सबसे पहले जर्मनी जाएंगे। वो यहां 22 और 23 अगस्त को रहेंगे और फिर 24 और 25 अगस्त को लंदन में जाएंगे।

कार्यक्रम में बदलाव की मिली थी खबर

कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने शुक्रवार को स्पष्ट किया था कि राहुल गांधी के जर्मनी और ब्रिटेन दौरे के दौरान तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर उनके दौरे की अहमियत कम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। मीडिया रिपोर्ट में शुक्रवार को कहा गया है कि भारतीय मूल के करोड़पति और कंजर्वेटिव फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के सह-अध्यक्ष रामी रंगर और भारतीय मूल की नेता बैरोनेस वर्मा ने राहुल गांधी को उनके लंदन दौरे के दौरान दिया आमंत्रण यह कहते हुए वापस ले लिया है कि कार्यक्रम रद्द हो गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राहुल गांधी कंजर्वेटिव फ्रेंड्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित संसद कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

अध्यक्ष बनने के बाद राहुल की पहली विदेश यात्रा

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद बतौर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की यह पहली विदेश यात्रा होगी। बता दें कि इससे पहले राहुल ने 2017 में युनाइटेड स्टेट्स में बसे भारतीयों को संबोधित किया था। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने राजनीति में परिवारवाद पर खुलकर बात की थी। राहुल का यह दौरा काफी चर्चा में रहा था और भारतीय जनता पार्टी ने उनकी काफी आलोचना की थी। इस बार भी सभी की राहुल गांधी के भाषण में नजरे टिकी हैं कि इस बार राहुल अपने भाषण में कौन सा मुद्दा उठाते हैं।