नई दिल्ली। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अलवर में हुई मॉब लिंचिंग को लेकर निशाना साधते हुए पीएम मोदी के नए इंडिया को 'क्रूर न्यू इंडिया' करार दिया। साथ ही अलवर की हिंसा को लेकर कई गंभीर सवाल भी उठाते हुए राहुल ने सवाल किया है कि आखिर पीड़ित को अस्पताल ले जाने में तीन घंटे क्यों लग गए। राहुल गांधी ने कहा कि, " ये मोदी का क्रूर 'न्यू इंडिया' जहां मानवता को नफरत में बदल दिया जाता है, लोगों को कुचल दिया जाता है और मरने के लिए छोड़ दिया जाता है। " उन्होंने ट्वीट कर लिखा, " अलवर में भीड़ की हिंसा के शिकार और मर रहे अकबर खान को छह किलोमीटर दूर अस्पताल ले जाने में पुलिसवालों को तीन घंटे लग गए, क्यों? वो रास्ते में चाय पीने के लिए रुके। ये मोदी का क्रूर 'न्यू इंडिया' है, जहां नफरत इंसानियत की जगह ले रही है और लोग मरने के लिए छोड़ दिए जा रहे हैं।' राहुल गांधी ने अपने ट्वीट के साथ ही एक अखबार की रिपोर्ट भी शेयर की। बता दें कि देशभर में लिंचिंग की घटनाओं पर राहुल गांधी ने सरकार पर आक्रामक रुख अपनाया हुआ है। शुक्रवार को अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान संसद में भी मुद्दा उठाया गया।