पायलट गुट के सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ वकीलों, कानूनी जानकारों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पायलट के बीच चर्चा के बाद नई रणनीति तय हुई है। इसमें पार्टी व्हिप के खिलाफ वोटिंग विश्वास या अविश्वास प्रस्ताव ( No confidence motion ) पर या फिर मनी बिल पर ही की जाएगी। मनी बिल भी पारित नहीं होने पर सरकार गिर जाती है। ऐसा गहलोत सरकार की रणनीति को मात देने के लिए किया गया है। मुख्यमंत्री खेमे की रणनीति थी कि सत्र के दौरान सरकार के किसी बिल पर वोटिंग के लिए पार्टी का व्हिप जारी किया जाए। बागी खेमा इसका उल्लंघन करे तो स्पीकर उन पर कार्रवाई करे और उनकी विधानसभा की सदस्यता चली जाए। ऐसा करने से विश्वास प्रस्ताव लाए जाने से पहले ही बाकी विधायकों की छुट्टी हो जाएगी और वे सरकार के खिलाफ वोटिंग नहीं कर पाएंगे।