
Pratapgarh: क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत (फोटो-पत्रिका)
Pratapgarh : फॉरेस्ट रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत हत्याकांड में बड़ा अपडेट आया है। मुख्य आरोपी डंपर चालक कन्हैयालाल उर्फ कान्हा बावरी को छोटी सादड़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे पूछताछ चल रही है। पुलिस पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम राज खुलने की उम्मीद है। FIR में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। छोटीसादड़ी पुलिस ने मुख्य आरोपी को घोसुंडी के जंगल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी और डंपर भी जब्त किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और वृत्ताधिकारी छोटीसादड़ी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कैलाशचन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को घोसुंडी जंगल से गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
उपवन संरक्षक सुरेश अग्रवाल ने बताया कि 22 सितंबर 2026 को वनरक्षक सुरेश पुत्र माधुलाल मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि 21 सितंबर की रात वनखंड सुक्कड़ मोहनपुरा तलाई के पास अवैध खनन की सूचना पर रेंजर प्रतापसिंह चूंडावत वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां चल रही जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर को रुकवाया गया। इस दौरान अवैध खनन करने वालों ने गाली-गलौच और धक्का-मुक्की कर राजकार्य में बाधा पहुंचाई। इसी दौरान मिट्टी से भरा एक डंपर चालक डंपर लेकर भाग गया था। रेंजर प्रतापसिंह ने उसका पीछा किया। घाटी वाले बालाजी मंदिर रोड पर डंपर को रुकवाने के दौरान चालक ने रेंजर प्रतापसिंह के ऊपर डंपर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में डंपर और चालक की तलाश के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया। छोटीसादड़ी कस्बे और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डंपर का पता लगाकर उसे जंगल से जब्त किया गया। अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी भी जब्त की गई।
इसके बाद रेंजर प्रतापसिंह पर डंपर चढ़ाकर घटना करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश की गई। पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को घोसुंडी के जंगल से कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पुत्र चांदमल बावरी निवासी धामनिया रोड थाना छोटीसादड़ी को गिरफ्तार किया। आरोपी से अनुसंधान जारी है।
Updated on:
25 Sept 2026 06:13 pm
Published on:
25 Sept 2026 05:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
