
Pratapgarh: क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत (फोटो-पत्रिका)
प्रतापगढ़। जिले में अवैध खनन रोकने गए वन विभाग के रेंजर की मौत के बाद सियासत गरमा गई है। छोटीसादड़ी क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान डंपर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चूंडावत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सरकार पर निशाना साधते हुए इसे महज हादसा नहीं, बल्कि हत्या करार दिया है। उन्होंने खनन माफिया के बढ़ते दुस्साहस पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11:30 बजे वन विभाग के अधिकारियों को छोटीसादड़ी क्षेत्र के वन इलाके में अवैध खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत, उम्र करीब 40 वर्ष, एक वनपाल के साथ मौके पर पहुंचे। श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर के पास उन्हें मिट्टी से भरा एक डंपर दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि रेंजर ने डंपर को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और रेंजर को उनकी बुलेट बाइक समेत कुचलते हुए आगे निकल गया। डंपर बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। घटना के बाद डंपर और जेसीबी चालक मौके से फरार हो गए।
हादसे के बाद साथ मौजूद वनपाल ने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल रेंजर को तत्काल छोटीसादड़ी के जयचंद मोहिल उपजिला अस्पताल ले जाया गया। यहां सीएचसी प्रभारी डॉ. विजय कुमार गर्ग और चिकित्सा अधिकारी संजय गुप्ता ने प्राथमिक उपचार किया।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें निम्बाहेड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, उपचार के दौरान रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे।
रेंजर की मौत पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने लिखा, "प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी में अवैध खनन रोकने पहुंचे वन विभाग के रेंजर प्रताप सिंह चूंडावत को डंपर से कुचलना एवं इलाज के दौरान उनकी मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है।"
डोटासरा ने आगे कहा कि यह केवल एक अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि राजस्थान की कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में खनन माफिया इतना बेखौफ कैसे हो गया कि अधिकारियों की जान लेने से भी नहीं डर रहा।
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसका ध्यान कानून-व्यवस्था और खनन माफिया पर लगाम लगाने के बजाय राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित है। उन्होंने सरकार से खूनी दुस्साहस करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और रेंजर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं।
छोटीसादड़ी थाना अधिकारी कैलाश चंद्र सोनी के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल के बाहर परिजन रेंजर को शहीद का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। घटना ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने वाले सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Updated on:
22 Sept 2026 03:59 pm
Published on:
22 Sept 2026 03:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
