
acb action : प्रतीकात्मक फोटो पत्रिका
Hindaun City : करौली एसीबी टीम ने हिंडौन सिटी में बिजली निगम के कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की। जयपुर डिस्कॉम के टेक्नीशियन प्रथम (सहायक स्टोर कीपर) जगदीश बैरवा को 8,000 रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। रीको उद्योग क्षेत्र स्थित सहायक अभियंता ए-द्वितीय कार्यालय में जगदीश बैरवा की पोस्टिंग थी। आरोपी जगदीश बैरवा ने जले हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर लगाने के बदले रिश्वत की मांग की थी।आरोपी जगदीश बैरवा ने परिवादी से पहले 9 हजार रुपए की रिश्वत मांगी पर बाद में 8 हजार रुपए पर सहमति बन गई।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया एसीबी चौकी करौली को एक शिकायत मिली थी। परिवादी ने बताया कि उसका बिजली ट्रांसफार्मर जल गया था। नया ट्रांसफार्मर स्टोर से देने के एवज में आरोपी 9,000 रुपए की मांग कर रहा था। जिसके बाद परिवादी के शिकायत की जांच की गई। तो शिकायत सही पाई गई। उसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया।
एसीबी करौली के पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज की अगुवाई में टीम ने जगदीश बैरवा को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी ने शिकायतकर्ता को एईएन कार्यालय परिसर में बुलाया था। वहीं पर उसने 8,000 रुपए की रिश्वत ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर रिश्वत की रकम आरोपी की पैंट की जेब से मिली। एसीबी टीम सुबह 10 बजे ही कार्यालय पहुंच गई थी। एसीबी करौली आरोपी से पूछताछ कर रही है।साथ ही आगे की कार्रवाई जारी है।
Updated on:
22 Sept 2026 03:25 pm
Published on:
22 Sept 2026 03:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
