
रायगढ़. 14 अप्रैल की शाम घर से निकली लैलूंगा क्षेत्र के एक 35 वर्षीय महिला की लाश जतरा जंगल स्थित बरसाती नाला में मिली थी। इस मामले में पुलिस हत्या और साक्ष्य छिपाने का अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही थी। विवेचना में मृतिका की बड़ी बेटी ने पुलिस को बताई थी कि वह आखिरी बार उसके प्रेमी के साथ दिखी थी। इसी क्लू ने मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई और पुलिस को आरोपी तक पहुंचाया।
ज्ञात हो कि एक 35 वर्ष महिला अपने तीन बच्चों दो लड़की 18-14 साल क्रमश: व एक लड़का करीब 12 साल तथा अपने पति के साथ लैलूंगा थाना क्षेत्र में रहती थी। 14 अप्रैल की शाम वह घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। रविवार की सुबह जतरा गांव की ७० वर्षीय महिला अवंरागुड़ी जंगल महुआ बिनने गई थी। उस दौरान वृद्धा ने बरसाती नाला में एक महिला का शव देखा था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
मृतका की बेटी ने पुलिस को दिया था क्लू
पूछताछ में पुलिस को मृतका की बड़ी बेटी ने बताया कि आखिरी बार उसने अपनी मां को उसके प्रेमी टिकेश्वर के साथ देखा था। ऐसे में पुलिस को यह समझते देर न लगी कि मामला प्रेम प्रसंग का है। विवेचना में पुलिस को मृतका के परिवार वालों व ग्रामीणों से इस बात की जानकारी हुई कि मृतका का करीब 08 साल से टिकेश्वर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी मृतका पूरे परिवार को थी। इसी क्लू के जरिए पुलिस के हाथ आरोपी तक पहुंच सके।
बताया घटनाक्रम
ज्ञात हो कि जब पुलिस टिकेश्वर की खोज खबर कर रही थी, तभी पुलिस को अस्पताल की तहरीर से यह जानकारी मिली कि टिकेश्वर जहर सेवन कर अस्पताल में भर्ती है। ऐसे में पुलिस संदेही का बयान दर्ज करने उसके होश आने का इंतजार कर रही थी। 21 अप्रैल को टिकेश्वर ठीक होकर अस्पताल से निकला तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका मृतका के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। १४ अप्रैल को वह अपनी प्रेमिका को अपने सुपर एक्सल में बिठाकर जतरा जंगल लेकर गया। जहां दोनों ने शारीरिक संबंध स्थापित किया। इसके बाद प्रेमिका ने टिकेश्वर से कहा कि उसे रुपयों की जरूरत है, ऐसे में उसे 15 हजार चाहिए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ गया कि दोनों एक दूसरे को मारने लगे। फिर गुस्साए टिकेश्वर ने पत्थर उठाया और उसके चेहरे को कुचल दिया। कुचलने के बाद भी आरोपी उसे पत्थरों में घसीटता रहा तब तक महिला की जान नहीं चली गई। फिर आरोपी ने उसके शव को बरसाती नाला में फेंक कर पत्तों से ढक दिया था।
क्या कहती है पुलिस
मामले की विवेचना कर रहे लैलूंगा एएसआई भुरेदास ने बताया कि प्रेमिका को मारने से पहले आरोपी ने उसके साथ अनाचार किया था। ऐसे में उस पर धारा 376 का अपराध भी दर्ज होगा।
मरने की नीयत से खाया था जहर
आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद वह अपने सुपर एक्सल बाइक से ग्राम भुईयापानी गया, जहां बाइक की बार-बार चेन उतरने की वजह से उसे एक व्यक्ति के परछी के पास खुले स्थान पर छोड़ दिया। इसके बाद अपने साथ लाए जहर का सेवन कर बायसीमुड़ा जंगल में जाकर सो गया। कुछ महिला-पुरुष महुआ बिनने आए थे उन्होंने टिकेश्वर को देखा तो पहचान लिया क्योंकि वह आसपास के गांवों में मवेशी खरीदी-बिक्री का काम करता था। इसके बाद इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी गई। फिर सरपंच ने टिकेश्वर के परिजनों को सूचित किया। ऐसे में टिकेश्वर के परिजन घटना स्थल पहुंचकर उसे लैलूंगा अस्पताल लाए। जहां समय रहते इलाज हो जाने पर टिकेश्वर की जान बच गई। नहीं तो उसे मरने की नीयत से जहर सेवन किया था।
Published on:
23 Apr 2018 12:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
