रायगढ़. नए साल के पहले ही दिन शहर से लगे गोरखा में एक अजीब घटना सामने आई, इस घटना ने इस कहावत को चरितार्थ कर दिया कि कौआ कान ले गया और लोग कौए के पीछे दौड़ पड़े। दरअसल हुआ ये कि सोमवार को लगभग साढ़े दस बजे शहर से लगे गोरखा इलाके में कुछ लोगों ने सड़क ही जाम कर दिया। उनकी मांगें या बातें भी अजीब थीं, उनका कहना था कि सोशल मीडिया में एक मैसेज आया है कि यदि कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित ड्रायवर पर 50 हजार रुपए का फाइन और पांच साल की सजा होगी, यानि कि इसमें ड्रायवर को ही दोषी माना जाएगा। इस मैसेज को पढऩे के बाद वहां चालकों का मूड गरम हो गया, इसके बाद इन लोगों ने सड़क ही जाम कर दिया।