
दुकान के बाहर सामान रखने-चौराहों के पास ठेले लगाने पर होगी कार्रवाई
रायपुर। CG Election 2023: आगामी विधानसभा चुनाव के साथ त्योहार का सीजन भी है। इसकी तैयारी ट्रैफिक पुलिस ने शुरू कर दी है। शुक्रवार को नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें त्योहार के दौरान दुकान के बाहर सामान रखने वाले, चौक-चौराहों के पास ठेला-खोमचा लगाने वालों पर कार्रवाई करने के अलावा बंद स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक सिग्नलों को चालू करने का निर्णय लिया गया है। इसमें यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम संयुक्त रूप से अभियान चलाएगी। बैठक में नगर निगम उपायुक्त विनोद पांडेय, ट्रैफिक डीएसपी गुरजीत सिंह, सुशांतो बनर्जी, जोन कमिश्नर आरके डोंगरे, लोकेश चंद्रवंशी, राकेश शर्मा, सुशील चौधरी, रमेश जायसवाल आदि उपिस्थत थे।
यह निर्णय लिया गया
- प्रमुख बाज़ार क्षेत्रों में यातायात को प्रभावित करते हुए दुकान के बाहर सामान रखने वाले दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों के आसपास यातायात को प्रभावित करते हुए अवैध ठेला-खोमचा लगाने वालों पर कार्रवाई।
-प्रमुख बाजार में आने वाले ग्राहकों के वाहनों के लिए अस्थाई पार्किंग स्थल की सुविधा।
-शहर के कुछ प्रमुख मार्गो, बाजार क्षेत्र और चौक-चौराहों के मिट चुके रोड मार्किंग, एज मार्किग और ज़ेबरा क्रॉसिंग को दोबारा बनाया जाएगा।
-बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाएगा।
-शहर के भीतर कुछ प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों में लगे ट्रैफिक सिग्नल बंद पड़े हैं, जिसे चालू किया जाएगा।
पदनाम वाले वाहनों पर कार्रवाई
आदर्श आचार संहिता लगने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी है। पदनाम वाले वाहनों के अलावा बुलेट में अनाधिकृत साइलेंसर, काली फिल्म और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यातायात थानों से अलग-अलग टीम गठित कर चौक-चौराहों पर चेकिंग पाइंट लगाया गया है। इस दौरान 22 वाहनों से पदनाम वाली प्लेट, 35 अनाधिकृत साइलेंसर वाले बुलेट और नशे में वाहन चलाने वाले 58 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। आचार संहिता लगने के बाद से वाहनों की जांच के दौरान 2 हजार 414 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 17 लाख 07 हजार 200 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
Published on:
14 Oct 2023, 10:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.