CG Election 2023 : छत्तीसगढ़ को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार.. सबसे पहले इन सीटों के आएंगे नतीजे, इतने बजे से शुरू होगी मतगणना
रायपुर। cg election 2023 : विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब प्रत्याशियों और प्रदेश के लोगों को तीन दिसंबर का बेसब्री से इंतजार है। प्रत्याशियों के लिए एक-एक दिन एक महीने के समान बीत रहा है। बता दें कि तीन दिसंबर को सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होगी। सबसे पहले मनेंद्रगढ़ का रिजल्ट आ सकता है, क्योंकि इस सीट के लिए मतदान की गिनती 11 राउंड में होगी।
इस सीट पर भाजपा से श्याम बिहारी जायसवाल और कांग्रेस से रमेश सिंह हैं। इसके बाद भिलाई नगर सीट का रिजल्ट आ सकता। यहां 12 राउंड की गिनती होगी। इस सीट पर भाजपा से प्रेम प्रकाश पांडेय और कांग्रेस से देवेंद्र यादव हैं। वहीं सबसे आखिरी में कवर्धा, कसडोल और पंडरिया का आएगा, क्योंकि इन सीटों पर क्रमश : 29, 29 और 28 राउंड की गिनती होगी। कवर्धा सीट पर कांग्रेस से मंत्री मोहम्मद अकबर और भाजपा से विजय शर्मा प्रत्याशी हैं।
सबसे पहले पहले रिजल्ट इन सीटों का
मनेंद्रगढ़, भिलाई, उत्तर रायपुर, बस्तर, दुर्ग सिटी, पागगढ़, जांजगीर-चांपा,दुर्ग ग्रामीण, बिलासपुर और राजनांदगांव शामिल हैं।
सबसे आखिरी में रिजल्ट इन सीटों का
कवर्धा, कसडोल, पंडरिया, सारंगढ़, जशपुर, बिल्हा और मस्तूरी शामिल हैं।
हॉट सीटों का रिजल्ट दोपहर 1 बजे के बाद
हॉट सीटों का रिजल्ट दोपहर एक बजे के बाद ही आएगा। इन सीटों पर मतों की गिनती 16 से 20 राउंड तक चलेगी, जिसमें पाटन में 18 राउंड, अंबिकापुर में 20, राजनांदगांव 16, चित्रकोट 17, लोरमी 19, सक्ति 17 और रायपुर दक्षिण 18 राउंड की गिनती होगी।
पाटन में कांग्रेस से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा से सांसद विजय बघेल, अंबिकापुर में कांग्रेस से उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और भाजपा से राजेश अग्रेवाल, राजनांदगांव से कांग्रेस से गिरीश देवांगन और भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, चित्रकोट में कांग्रेस से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और भाजपा से विनायक गोयल, लोरमी में कांग्रेस से थानेश्वर साहू और भाजपा से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, सक्ति में कांग्रेस से विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत और भाजपा से डॉ. खिलावन साहू, रायपुर दक्षिण में कांग्रेस से महंत रामसुंदर दास और भाजपा से सात बार से विधायक बृजमोहन अग्रवाल आमने-सामने हैं।