
सीएम ने पेश किया आत्मनिर्भर बस्तर का विजन (Photo- Patrika)
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को नई दिल्ली में नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री के सामने आत्मनिर्भर बस्तर का विजन पेश किया। उन्होंने कहा, कभी नक्सल हिंसा के लिए पहचाना जाने वाला बस्तर अब देश को विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया मॉडल देने जा रहा है। इसके साथ ही @2047 के लिए थ्री टी मॉडल के साथ 75 करोड़ की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य भी साझा किया।
मुख्यमंत्री ने थ्री टी मॉडल यानी टेक्नोलॉजी, ट्रांसपेरेंसी और ट्रांसफॉर्मेशन की जानकारी दी। उन्होंने कहा, राज्य प्रशासन अब तकनीक आधारित, पारदर्शी और तेज़ गति से निर्णय लेने वाला बन रहा है। हर योजना को डिजिटली ट्रैक किया जा रहा है, ताकि आम जनता को समय पर और सटीक सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा, यह मॉडल न केवल छत्तीसगढ़ को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने में सहायक होगा, बल्कि भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य में भी राज्य की अहम भूमिका सुनिश्चित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि कैसे बस्तर अब संघर्ष नहीं, संभावना का प्रतीक बन रहा है। जहां कभी बंदूकें चलती थीं, वहाँ अब मशीनें, लैपटॉप और स्टार्टअप की चर्चा हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया, छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2047 तक के लिए एक विस्तृत रणनीति तैयार की है। इसके तहत राज्य की अर्थव्यवस्था को 6 लाख करोड़ से बढ़ाकर 75 लाख करोड़ रुपए तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान प्रति व्यक्ति आय में 10 गुना वृद्धि का अनुमान है।
इस रणनीति को ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन डॉक्यूमेंट’ नाम दिया गया है, जिसमें राज्य के आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय विकास की समग्र योजना निहित है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, कृषि, आईटी, पर्यटन और कौशल विकास जैसे 13 प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। इन सभी क्षेत्रों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए 10 विशिष्ट मिशन प्रारंभ किए गए हैं।
CG News: नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक के दौरान एक आत्मीय क्षण सामने आया, जिसने सबका ध्यान खींचा। लंच ब्रेक के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हाथ थामते हुए मुस्कराकर कहा, "छत्तीसगढ़ की बात अभी बाकी है।"
इस एक वाक्य में प्रधानमंत्री का स्नेह, विश्वास और राज्य के प्रति विशेष रुचि झलक रही था। उस क्षण, आसपास उपस्थित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी मुस्कराते हुए इस संवाद के साक्षी बने। पीएम ने छत्तीसगढ़ के आदिवासी अंचलों में हो रहे सकारात्मक बदलाव, औद्योगिक निवेश, और ‘आत्मनिर्भर बस्तर’ की दिशा में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए ठोस कदमों की सराहना की।
Updated on:
25 May 2025 08:15 am
Published on:
25 May 2025 08:14 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
