19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिलासपुर लाठीचार्ज मामला: भूपेश ने कहा – कार्रवाई नहीं हुई तो नही होने देंगे पीएम का छत्तीसगढ़ दौरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि यदि इस मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रधानमंत्री का जांजगीर दौरा नहीं होने देंगे

2 min read
Google source verification
CG Polls

बिलासपुर लाठीचार्ज मामला: भूपेश ने कहा - कार्रवाई नहीं हुई तो नही होने देंगे पीएम का छत्तीसगढ़ दौरा

बिलासपुर. नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के बंगले में कचरा फेंकने के बाद कांग्रेस भवन में घुसकर कांग्रेसियों पर पुलिस कार्रवाई मामले में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने एएसपी नीरज चंद्राकर को बिलासपुर से हटाकर पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) रायपुर अटैच कर दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने घटना के तीसरे दिन गुरुवार को सूरजपुर में कहा कि दंडाधिकारी जांच तक एएसपी चंद्राकर को पीएचक्यू में अटैच रखने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार को घटना की दंडाधिकारी जांच के आदेश दिए थे।

बता दें कि मंत्री अमर अग्रवाल ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का उद्घाटन करते हुए कांग्रेसियों पर शहर को कचरा करने का आरोप लगाया था। इससे नाराज कांग्रेसियों ने 18 सितम्बर को मंत्री के बंगले का घेराव और वहां कचरा फेंककर विरोध-प्रदर्शन करने का कार्यक्रम तय किया था। इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी गई थी।

कांग्रेसियों के विरोध-प्रदर्शन को रोकने पुलिस ने मंत्री अग्रवाल के बंगले के आसपास बैरिकेडिंग की थी। कांग्रेसियों ने पुलिस को छकाते हुए मंत्री के बंगले में कचरा फेंका था। कांग्रेसियों को रोकने में नाकाम रहे एएसपी नीरज चंद्राकर ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ मिलकर कांग्रेस भवन में घुसकर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कई नेता-कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल घटनाक्रम की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंपी।

पूरे घटनाक्रम की राष्ट्रीय स्तर पर तीव्र आलोचना भी हुई। यहां तक कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भी इसकी निंदा की।

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर कार्रवाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 सितम्बर को जांजगीर-चांपा आ रहे हैं। उधर, लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेसियों का धरना-प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि यदि इस मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रधानमंत्री का जांजगीर दौरा नहीं होने देंगे। यह मामला पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) तक भी पहुंच चुका है। माना जा रहा है कि इसी के मद्देनजर चंद्राकर पर तुरंत कार्रवाई की गई है।

किसी तरह की गड़बड़ी होने पर लाठीचार्ज के लिए कलक्टर, एसपी, एसडीएम, एडीएम की अनुमति लेना जरूरी है। लेकिन एएसपी नीरज चंद्राकर ने बिना किसी की अनुमति के पुलिसबल के साथ कांग्रेसियों पर लाठियां चलाईं। कलक्टर, एसपी सहित संबंधित सभी अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने कोई निर्देश इस बाबत जारी नहीं किए और घटना होने के बाद ही इस संबंध में उन्हें जानकारी हुई।

कांग्रेस कार्यालय में हुए लाठीचार्ज मामले में पुलिस अधिकारियों को बर्खास्त कर एफआइआर कराई जाए। दोषी अफसरों के खिलाफ न्यायिक जांच के साथ मंत्री अमर अग्रवाल को मंत्रिमंडल से हटाया जाए नहीं तो कांग्रेस के कार्यकर्ता हर जगह सीएम रमन सिंह और अमर अग्रवाल के कार्यक्रम का विरोध करेंगे।

उक्त बातें गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पहुंचे प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा। उन्होंने कहा, कार्रवाई नहीं होने पर 22 सितम्बर को पीएम मोदी को विरोध स्वरूप काले झंडे दिखाएंगे। नेताओं के एजेंट बनकर काम करने वाले अफसरों पर कांग्रेस की नजर है। एेसे अफसरों का नाम नोट किया जा रहा है। भाजपा की ये सरकार अब तो जा रही है। कांग्रेस की सरकार बनेगी और सभी पर कार्रवाई की जाएगी।