
प्री-मानसून की देर रात तक बारिश में बिजली व्यवस्था तार-तार
Chhattisgarh News: रायपुर। जिले में बुधवार रात हुई प्री मानसून बारिश और हवा से अलग-अलग इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। अंधेरा होने से लोग परेशान होते रहे। इस दौरान लोगों ने जोन कार्यालय और टोलफ्री नंबर में फोन कर 1300 शिकायतें दर्ज कराई।
टोल फ्री नंबर और जोन कार्यालय में रातभर बजती रही फोन की घंटी
बारिश बंद होने के बाद जोन कार्यालयों से कर्मचारी सड़क पर निकले और फाल्ट की तलाश करके बिजली सुधारी और फीडर को शुरू किया। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों ने उपभोक्ता की बताई लोकेशन पर जाकर ट्रांसफॉर्मर और तारों की जांच कर उसे दुरुस्त किया और बिजली व्यवस्था शुरू की गई।
जोनों में सुबह 4 बजे तक मरम्मत करते रहे कर्मचारी
बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सभी सर्किल में रातभर अधिकारी और कर्मचारी उपभोक्ताओं की समस्या का निराकरण करते रहे। जिन-जिन इलाकों में कर्मचारियों ने फाल्ट को ढूंढकर लाइन ठीक कर दी, वहां की लाइन तत्काल शुरू कर दी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अलग-अगल जोन में सुबह चार बजे तक कर्मचारी लाइट ठीक करते रहे।
सभी शिकायतों का निराकरण
उपभोक्ताओं से लाइट बंद होने की शिकायत मिलने पर जोन की टीम ने जाकर जांच की और लाइन को दुरुस्त करके ठीक किया गया। रातभर में सभी शिकायतों का निवारण कर दिया गया है।
- मनोज वर्मा, सर्किल प्रभारी, रायपुर वृत्त-1
अभी स्थिति सामान्य
सर्किल क्षेत्र से 135 कॉल लाइट बंद होने के आए थे। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया गया है। अभी स्थिति सामान्य है।
- ऋषि बंछोर, सर्किल प्रभारी, रायपुर वृत्त-2
Published on:
23 Jun 2023, 11:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.