
पूर्व महापौर एजाज ढेबर और भतीजा शोएब ढेबर ( Photo - Insta ID @officialShoaibeDhebar )
Chhattisgarh Crime News: कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को गैंगस्टर अमन साव के नाम से फोन करके 25 करोड़ की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर हत्या करने की धमकी देने के पीछे पूर्व मेयर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर का हाथ था। शोएब ने ही धमकी दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया। इसके तत्काल बाद उसे जमानत मिल गई। गंभीर मामले में भी आसानी से जमानत को लेकर शहर में चर्चा है।
बता दें कि शोएब के पिता होटल कारोबारी अनवर ढेबर पूर्व सरकार में हुए करोड़ों के शराब घोटाले में शामिल रहे हैं। पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर को गैंगस्टर अमन साव के नाम से कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को फोन करके 25 करोड़ की मांग करने की शिकायत की थी। फिरौती नहीं देने पर आनंद व उसके परिवार के लोगों की हत्या कराने की धमकी दी गई थी। इसकी शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 308(4), 351(3), 351(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया।
आरोपी के द्वारा धमकी भरे वाट्सऐप संदेश, विदेशी मोबाइल नंबर, अन्य मैसेज व वीडियो की तकनीकी जांच की गई। इसमें दिल्ली पुलिस की भी मदद ली गई। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल इनपुट के आधार पुलिस की टीम शोएब ढेबर तक पहुंची। बताया जाता है कि उसने अपने होटल के गार्ड को मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। फिर उसी नंबर के लिए डेटा दिया।इस मामले में पुलिस ने शोएब को शनिवार की रात हिरासत में लिया था। इसके साथ गार्ड और एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले भी शोएब विवादों में रहा। बिना मास्क लगाए घूम रहे एजाज ढेबर के भतीजे को पुलिस ने रोका तो जमकर विवाद शुरू हो गया। इसक वीडियो भी सामने आया था। 5 साल पहले कोरोना के समय जय स्तंभ चौक पुलिस चेकिंग प्वाइंट पर मास्क नहीं पहने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। जांच के दौरान शोएब बिना मास्क के पकड़ाया। इसी बात को लेकर जमकर विवाद हो गया। इस दौरान बहस का वीडियो सोशल मीडिया में आग की तरह फैल गया। जिस पर लोगों ने इस मामले में खूब प्रतिक्रिया आई। जिसके बाद नगर निगम ने महापौर के भतीजे का चालान काटकर नियमों का पालन करावाया।
Updated on:
28 Sept 2026 11:29 am
Published on:
28 Sept 2026 11:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
