
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (photo Patrika)
Paper leak at IGKV: छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। कीट विज्ञान (एंटोमोलॉजी) का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में कार्रवाई के बाद पुलिस ने अब प्लांट पैथोलॉजी का पेपर लीक होने का भी खुलासा किया है। इस मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने दूसरी FIR दर्ज की है।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया से पूछताछ में प्लांट पैथोलॉजी के प्रश्नपत्र को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर ने यह प्रश्नपत्र छात्रों मोहम्मद सोमान और अजय नायक को कथित तौर पर 10 हजार रुपए में बेचा था। इस नए खुलासे के बाद IGKV में पेपर लीक मामले की जांच का दायरा और बढ़ गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लीक हुआ प्रश्नपत्र और कितने छात्रों तक पहुंचा और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
प्लांट पैथोलॉजी का प्रश्नपत्र 7 अगस्त को आयोजित परीक्षा से संबंधित है। मामले की जांच के दौरान जब पुलिस ने पहले पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया से पूछताछ की तो इस पेपर को लेकर भी जानकारी सामने आई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि प्रोफेसर ने प्लांट पैथोलॉजी का प्रश्नपत्र छात्रों तक पहुंचाया था। इसके बदले 10 हजार रुपए लिए जाने का आरोप है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि प्रश्नपत्र किस तरीके से प्रोफेसर के पास पहुंचा और उसे छात्रों तक कैसे भेजा गया।
IGKV में बीएससी कृषि की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला पहले ही सामने आ चुका था। 20 अगस्त को होने वाली बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी (कीट विज्ञान) परीक्षा का पेपर परीक्षा शुरू होने से पहले वायरल हो गया था। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की तो मुख्य आरोपी के रूप में दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया का नाम सामने आया। अब उसी जांच के दौरान प्लांट पैथोलॉजी के पेपर लीक का भी खुलासा हुआ है।
बताया गया है कि दोनों निरस्त पेपर सितंबर के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से परीक्षा की नई तारीख और अन्य जरूरी जानकारी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
Updated on:
24 Aug 2026 05:02 pm
Published on:
24 Aug 2026 05:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
