
उधार वसूल करने पहुंचे युवक के साथ हुई बहस और अचानक बेहोश होकर गिर गए टीचर, फिर...
रायपुर. डीडी नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक की शनिवार सुबह उनके रायपुरा के इंद्रप्रस्थ फेस-1 स्थित मकान में संदिग्ध मौत हो गई। उधार पैसा वसूली करने पहुंचे लेनदार से विवाद के दौरान शिक्षक को चक्कर आया और वे गिर गए।
उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। डीडी नगर थाना प्रभारी एए अंसारी के मुताबिक शिक्षक छत्तूराम सूर्यवंशी (५२) सुबह करीब १० बजे स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे थे। उसी दौरान वसूली करने के लिए पवन जैन नाम का एक व्यक्ति पहुंचा। पैसे की मांग करने को लेकर दोनों की बीच बहस शुरू हो गई। दोनों इस बात पर बहस कर रहे थे। दोनों की आवाज इतनी तेज थी कि कॉलोनी के लोग भी इकट्ठा हो गए। पवन जैन ने अपने बयान में बताया कि बहस के दौरान ही शिक्षक गश खाकर गिर गए। जिसके बाद कॉलोानी के लोगों की मदद से उन्हे अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस को पवन ने बताया मृतक ने उससे कई बार पैसे उधार लिए थे। पिछले दिनों उसने ५० हजार लिए, लेकिन वापस करने में आनाकानी करने लगा। इस पर हल्की बहस हुई थी।
डीडी नगर थाना प्रभारी एए अंसारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही पता चल पाएगा कि मामला मर्डर का है या फिर गिरने से मौत हुई है। पंचनामा बनाने के दौरान शव का मुआयना किया गया, जिसमें शिक्षक के शरीर में कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक की पत्नी धरसींवा के शासकीय स्कूल शिक्षिका के तौर पर पदस्थ है। घटना के समय मृतक की पत्नी स्कूल में थी।
Published on:
5 Aug 2018, 8:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.