
Raipur News: शहर के विभिन्न इलाकों में कबाड़ी दुकानों द्वारा सड़कों पर सामान फैलाने से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर रायपुरा, चंगोराभाटा, गोकुल नगर, अमलीडीह और संतोषी नगर जैसे क्षेत्र में यह समस्या अधिक गंभीर हो गई है। रहवासियों ने नगर निगम में कई बार शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उनकी परेशानी बनी हुई है।
सड़क पर फैला कबाड़ आवाजाही में बाधा
रिहायशी इलाकों में खुले इन कबाड़ी दुकानों ने सड़कों पर अपने सामान का अंबार लगा रखा है, जिससे सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
वाहन चालकों के लिए यह रास्ता संकरा हो गया है और जाम की स्थिति आम हो गई है। गोकुल नगर निवासी रामकुमार साहू ने बताया, हम रोजाना इस सड़क से गुजरते हैं, लेकिन कबाड़ियों ने सामान फैला दिया है, जिससे वाहन निकालना मुश्किल हो गया है।
कचरा व गंदगी से स्वास्थ्य पर असर
सड़क पर फैले कबाड़ से न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि इससे उत्पन्न गंदगी और कचरा लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर डाल रहे हैं। गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। अमलीडीह निवासी रीता देवी ने बताया, ’’कबाड़ के ढेरों से मच्छर पनप रहे हैं, जो हमारे बच्चों के लिए खतरनाक हो सकता है।’’
रहवासियों ने इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। गोकुल नगर के निवासी अनिल यदु का कहना है, हमने निगम अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है। अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। निगम अधिकारियों से जब इस समस्या के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि जल्द ही कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, लेकिन सवाल यह है कि यह कब तक होगा?
जोन 6 कमिश्नर रमेश जायसवाल ने कहा गोकुल नगर, भाटागांव सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की गई है, लेकिन अगर फिर से कबाड़ी दुकानें लग रही हैं, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
निगम जोन 10 अध्यक्ष आकाश दीप शर्मा ने बताया कि मेरे पास लोगों की शिकायतें आईं हैं कि अमलीडीह में सड़क के आसपास कबाड़ी दुकानें है, अधिकारी को कार्रवाई के लिए कहा गया है, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
संतोषी नगर निवासी मोहम्मद आरिफ का कहना है, अगर नगर निगम जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो हम सभी लोग विरोध प्रदर्शन करेंगे। अब और इंतजार नहीं कर सकते।
Updated on:
28 Sep 2024, 11:26 AM IST
Published on:
28 Sep 2024, 11:25 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.