
पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी, दो सिपाही निलंबित
रायसेन। सोमवार नौ जुलाई को महिला की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक कर मंगलसूत्र और झुमकी झपटकर भागने वाला आरोपी अब पुलिस को चकमा देकर भाग गया। घटना बुधवार सुबह पांच बजे की है। पुलिस अभिरक्षा में आरोपी दुर्जन सिंह लोधी निवासी टिमरावन को सुबह लगभग पांच बजे दो पुलिस के जवान शौच के लिए लेकर गए थे। जहां मौका पाकर आरोपी एक नीम के पेड़ पर चढक़र दीवार के दूसरी ओर कूद कर भाग गया। मामले को पुलिस चौबीस घंटे तक दबाए रही। आोपी के गांव सहित रिश्तेदारों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
जनता ने पकड़ा था आरोपी को
सोमवार को बस स्टैंड पर महिला गौरा बुधोलिया पत्नी योगेंद्र बुधोलिया की आंखों में मिर्च झोंक कर आरोपी दुर्जन ने महिला के गले से मंगलसूत्र और कानों से झुमकी झपट कर दौड़ लगा दी थी। जिसे भागते देख कुछ लोगों ने पकडक़र पुलिस के हवाले किया था। देवरी की पुलिस उक्त आरोपी को थाने में ही सुरिक्षत नहीं रख सकी।
ऐसे में लोगों का सवाल है कि अगर ऐसे आरोपी जेल छोड़ कर भाग सकता है तो जिले से अपराध कैसे कम होंगे। आरोपी बाहर रहकर फिर कोई अपराध कर सकता है।
दो सिपाही निलंबित
एसपी जगह सिंह राजपूत ने छीना झपटी और आम्र्स एक्ट के आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से भागने के मामले में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सिपाही रणविजय और मुकेश को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले इसी थाने से शंकर लोधी नाम का एक आरोपी हथकड़ी सहित फरार हुआ था।
आरोपी दुर्जन सिंह लोधी सिपाहियों को चकमा देकर पेड़ के सहारे दीवार फांदकर भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात दो सिपाहियों को निलंबित किया गया है।
देवेंद्र पाल, थाना प्रभारी देवरी
Published on:
12 Jul 2018, 2:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.