दरअसल, रायसेन ज़िले की सांची विधानसभा सीट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस से दल बदलकर डॉक्टर प्रभु राम चौधरी भाजपा में शामिल हुए हैं। इस सीट से भाजपा की ओर से उपचुनाव में उन्हीं को उम्मीदवार घोषित किया है। उपचुनाव को लेकर मंगलवार देर शाम भाजपा ने एक सभा आयोजित की, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की दिग्गज नेत्री उमा भारती शामिल हुई थीं। सभा के दौरान एंटी हार्स ट्रेडिंग फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए प्रभुराम चौधरी के ख़िलाफ़ नारेबाजी शुरु कर दी। इन कार्यकर्ताओं ने 'बन्द करो मतदान बिक जाते हैं श्रीमान' के नारे लगाए। पुलिस ने नारे लगाने वाले चार लोगों को हिरासत में ले लिया, हालांकि, देर रात उन्हें छोड़ भी दिया गया।