
खुजनेर तहसील कार्यालय (फोटो सोर्स: Patrika)
Rajgarh News : स्वामित्व योजना में करीब 20 दिन बाद भी प्रगति दिखाई नहीं देने से नाराज प्रशासनिक अधिकारियों का गुस्सा अब निलंबन, टर्मिनेशन के बाद व्यक्तिगत बहस तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की खुजनेर तहसील में तहसीलदार नित्यानंद पांडेय ने अधीनस्थ पटवारी शुभम गर्ग से बातचीत के दौरान पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। बातचीत में तहसीलदार पटवारी से कहते सुनाई दे रहे हैं, 'तुम लोग बेवकूफ बना रहे हो, संडे मना रहे हो, मैं निलंबित कर दूंगा, कलेक्टर को बता दूंगा। पटवारी से हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसमें स्वामित्व योजना के तहत जीरो रिकॉर्ड को आगे बढ़ाने और काम नहीं करने को लेकर दोनों के बीच बहस होती सुनाई दे रही है। ऑडियो वायरल होने के बाद तहसीलदार ने जिला अध्यक्ष से खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी है। यह घटनाक्रम इन दिनों जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दोनों के बीच हुए संवाद के वायरल ऑडियों में तहसीलदार कहते सुनाई दे रहे हैं कि, अगर आज काम नहीं किया तो निलंबन का प्रस्ताव बना दूंगा। सुबह से तुम मुकेश का नाम लेकर बेवकूफ बना रहे हो। इस पर पटवारी शुभम गर्ग कहते हैं कि सर, मैं नहीं कर पाऊंगा, मैं संघ के साथ रहूंगा। आपको जीरो हटवाना है तो रितेश से करवा लें, मैं अप्रूव कर दूंगा। हमारे यहां के जिला अध्यक्ष हैं, हम उनका साथ देंगे।
इस पर तहसीलदार जिला अध्यक्ष के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहते हैं कि तुम जबरन साथ हो, तुम्हारा जिला अध्यक्ष (अपशब्द) है, पूरे जिले में कोई भी उनकी बात नहीं मानता। तुम लोग मान नहीं रहे हो, संडे मना रहे हो, सारे पटवारी संडे मना रहे हैं और कह रहे हैं कि संघ के साथ हैं। पटवारी फिर कहते हैं कि, मैं काम नहीं करूंगा, रितेश सर बना लें, मैं अप्रूव कर दूंगा। इस पर तहसीलदार कहते हैं कि, ये रिकॉर्डिंग कलेक्टर को बताऊंगा, कार्रवाई करूंगा और इसे कलेक्टर को भेज रहा हूं।
हालांकि, इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पत्रिका इसकी पुष्टि नहीं करता है और अभद्र भाषा का प्रयोग होने के कारण ऑडियो को खबर में नहीं लगाया जा सकता है।
उक्त घटनाक्रम वायरल होने के बाद तहसीलदार नित्यानंद पांडेय ने पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश से खेद प्रकट किया। उन्होंने संदेश में लिखा कि, मुकेश, मैंने शुभम से बात के दौरान तुम्हारे लिए जो अपशब्द इस्तेमाल किए, उसके लिए खेद प्रकट करते हुए क्षमा चाहता हूं। मेरी मंशा कभी भी तुम्हारे लिए ऐसी नहीं रही है। मैंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विधायकजी से भी तुम्हारे बारे में कहा है कि, मेरी सर्विस में मुकेश जैसा पटवारी नहीं मिला। तहसीलदार ने आगे लिखा कि, शुभम गर्ग ने उन्हें गुस्सा दिलाया। उन्होंने दोबारा माफी मांगते हुए कहा कि, तुम लोग मेरे छोटे भाई या पुत्र की तरह हो। इसे गंभीरता से दिल में न लेना।
मामले में खुजनेर तहसीलदार नित्यानंद पांडेय का कहना है कि, 'स्वामित्व योजना का दबाव शासन स्तर पर है। संघ से जुड़े ये लोग हैं, लेकिन अन्य तहसीलों में पटवारी काम कर रहे हैं, हमारे यहां नहीं कर रहे थे। इन्होंने बात नहीं मानी, इसलिए मुझे गुस्सा आया। ये जिलाध्यक्ष हैं, इसलिए इन्हें देखना पड़ता है। न मुकेश मेरे से बाहर हैं और न शुभम मेरे व्यवहार से बाहर हैं।'
वहीं, राजगढ़ पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश नागर ने बताया कि, 'उन्होंने खेद प्रकट कर माफी मांग ली है, इसलिए संघ अब कोई एक्शन नहीं ले रहा है। रजिस्ट्री को लेकर दबाव बनाया गया था, इस संबंध में हमने पटवारी साथियों से भी चर्चा की है। वे वरिष्ठ हैं और खेद प्रकट कर चुके हैं, इसलिए अब हमने मामला शांत करवा दिया है।'
Updated on:
12 Oct 2026 05:22 pm
Published on:
12 Oct 2026 05:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
