
राजसमंद। भीलवाड़ा-राजसमंद फोरलेन पर मंगलवार को एक मिनी ट्रक को कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मिनी ट्रक में कुल 10 कैटर्स बैठे थे, जो भीलवाड़ा से कैटरिंग का सामान लेकर नाथद्वारा एक शादी समारोह के लिए जा रहे थे। तीनों मृतक प्रतापगढ़ जिले के धरियावद निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा से एक ट्रक में कैटरिंग का सामान लेकर 10 कैटर्स नाथद्वारा के लिए रवाना हुए। शहर के जेके सर्कल से कुछ आगे आरके जिला अस्पताल के पास मोड़ में उसे पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। यह हादसा तडक़े करीब 3:30 बजे हुआ। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि आगे चल रहा ट्रक बेकाबू होकर नेशनल हाइवे-758 की बायीं दिशा की रिटेनिंग वॉल को फांदकर पलट गया।
उसमें शादी समारोह की तैयारियों के लिए रखा सामान बिखर गया, जिसके नीचे दबने से दो श्रमिकों बहादुर (42) पुत्र हुमल मीणा निवासी धरियावद, जिला प्रतापगढ़ व मनोज (23) पुत्र बहादुर मीणा निवासी धरियावद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक भैरूलाल (32) पुत्र नानालाल मीणा निवासी धरियावद का उदयपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम टूट गया।
Published on:
13 Feb 2024 08:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
