
Video: शादी से पहले देर रात को प्रेमी के घर पहुंच गई युवती, उसके बाद दोनों ने छुए आईपीएस के पैर
रामपुर। जनपद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी से कुछ दिन पहले एक युवती रात को प्रेमी के घर पहुंच गई। इसके बाद युवक के घर पर हंगामा होने लगा। युवती के परिजनों को भी वहां बुला लिया गया। इस दौरान युवक और युवती ने एक साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। मामला पुलिस तक पहुंचा तो दोनों पक्ष कोतवाली पहुंच गए। पुलिस प्रेमी-प्रेमिका को भी थाने ले आई। फिर कोतवाली में ही पंचायत हुई। दोनों पक्षों के राजी होने के बाद थाने में ही बने शिव मंदिर के अंदर युवक व युवती की शादी करा दी गई। शादी के बाद पति-पत्नी अपने घर के लिए रवाना हो गए।
युवक से चल रहा था प्रेम प्रसंग
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। वहां की रहने वाली एक युवती का थाना मीरगंज के रवि से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस पर युवती के परिजनों ने उसकी शादी कही और तय कर दी। उसका घर से निकलना भी बंद कर दिया गया। युवती और युवक के परिजन आपस में रिश्तेदार होने के बावजूद वे विवाह के पक्ष में नहीं थे। 18 मार्च को युवती की शादी होनी थी। 11 मार्च (मंगलवार) की रात को जब उसके परिजन गहरी नींद में सो रहे थे तब वह घर से भाग गई। देर रात को वह अपने प्रेमी के घर जा पहुंची।
प्रेमी के घर पर हुआ हंगामा
वहां वह युवक से शादी करने की जिद पर अड़ गई। इससे प्रेमी के घर पर भी हंगामा हो गया। हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। इस बीच युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस युवक और युवती को लेकर थाने पहुंच गई। जहां दोनों पक्षों के बीच में काफी देर तक बातचीत हुई। वहीं, युवक और युवती शादी करने की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद दोनों के परिजन शादी कराने के लिए राजी हो गए। बुधवार सुबह थाना परिसर में बने शिव मंदिर में ही युवक और युवती की शादी कराई गई। सहायक पुलिस अधीक्षक अंडर ट्रेनिंग सौरव दीक्षित ने दोनों को आशीर्वाद दिया। विवाह के बाद नवदंपती अपने घर चले गए। कोतवाली परिसर में हुई शादी नगर में चर्चा का विषय बनी रही। इस मामले में कोतवाली प्रभारी इंद्रेश सिंह ने बताया कि प्रेमी युगल के परिजनों में समझौता हो गया है।
Updated on:
14 Mar 2019, 9:58 AM IST
Published on:
14 Mar 2019, 9:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.