दरअसल, रामपुर जिले की मिलक तहसील के गांव मोहम्मदपुर जदीद की रहने वाली पूनम ने बीडीसी सदस्य पद पर वार्ड-135 से चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ा था। इसी बीच पूनम के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। इत्तेफाक से शादी की तिथि भी उसी दिन की निकली, जिस दिन मतगणना होनी थी। सभी प्रत्याशी जहां मतगणना स्थल मंडी समिति में मौजूद थे। वहीं, पूनम अपनी शादी में व्यस्त थी। पूनम की बारात आ चुकी थी। शादी के मंडप में जयमाला की रस्म होने वाली थी। इसी बीच सूचना मिली की पूनम चुनाव जीत गई है। परिजनों के साथ ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसको बंधाई दी। यह सुनते ही पूनम की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने जयमाला के कार्यक्रम को बीच में रोकते हुए कहा कि पहले वह जीत का प्रमाणपत्र लेने जाएगी और उसके बाद शादी करेगी।