
amit shah live hindi news
रतलाम। देश के 4 राज्यों में इलेक्शन के ऐलान के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी शनिवार को रतलाम जिले के जावरा से चुनावी शंखनाद कर दिया। दोपहर पूर्व चुनाव आयोग की प्रेस वार्ता में चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके बाद झाबुआ से जावरा आए शाह ने किसान सम्मेलन में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। शाह ने कहा कि मैं भी पार्टी का एक कार्यकर्ता और हूं और मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान ने सबसे बेहतर कार्य किया है।
जावरा में शाह ने मुख्यमंत्री चौहान के लिए कहा कि वे हर वर्ग के नेता है, गरीबों के सर्वहारा है, प्रदेश में उनके राज में चौतरफा विकास हो रहा है। सडक़ों का जाल फैला दिया गया है तो खेती करने वाले किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी हमसे हिसाब मांग रहे है, लेकिन हम जनता के सेवक है और जनता को ही जवाब देंगे। पीएम मोदी सरकार की योजनाओं पर बात करते हुए शाह ने कहा कि हमने किसानों को उपज का वाजिब दाम दिया है, एमएसपी पर पहली बार किसी सरकार ने इतनी गंभीरता दिखाई है, किसानों को फसल खराब होने पर मदद दे रहे है। हमने किसानों को डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने की घोषणा की है, देश के किसानों की मांग पर कांग्रेस 70 साल में कुछ नहीं कर पाई, अब वे किस मुंह से हमसे जवाब मांग रहे है।
28 नवंबर को रतलाम सहित प्रदेश में मतदान
इस बार चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश में एक ही चरण में चुनाव का फैसला किया है। 28 नवंबर को प्रदेश में मतदान होगा। 9 नवंबर तक नामांकन दाखिल होंगे तो 14 नवंबर तक नाम वापस लिए जाएंगे। 11 दिसंबर को मतगणना की जाएगी। 15 दिसंबर तक प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चुनाव में आधुनिक इवीएम -वीवीपैट का उपयोग होगा।
करणी और महावीर सेना कार्यकर्ताओं की होती रही सर्चिंग
इंदौर पहुंच चुके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के झाबुआ से जावरा आने से पहले खुफिया विंग अचानक सक्रिय हो गई थी। जावरा में शाह के दौरे का विरोध किया जा रहा है और पुलिस ने खुफिया विंग के साथ मिलकर महावीर सेना और करणी सेना के कार्यकर्ताओं को तलाशना शुरू कर दिया है। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर दिए जा रहे संदशों को भी ट्रेस किया जाने लगा है। वहीं, भाजपा भी फीडबैक जुटाने में लगी हुई है।
चुनावी आचार संहिता के साए में आए अमित शाह
राजधानी दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग की बैठक अपरान्ह 3 बजे होने वाली थी। इस बैठक के बाद आयोग के अफसरों ने चार राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान, मिजोरम और छत्तिसगढ़ में चुनावी कार्यक्रम व तारीख घोषित कर दी। इसके साथ इन राज्यों में आदर्श आचरण संहिता भी लागू हो गई है। भाजपाध्यक्ष अमित शाह आचार संहिता लागू होने के दौरान इंदौर में थे और यहां से झाबुआ पहुंचने के बाद जावरा सम्मेलन में शाम को आए।
शहीद भगतसिंह कॉलेज मैदान पर सभा
जावरा में संभागीय किसान सम्मेलन शहीद भगतसिंह शासकीय कॉलेज मैदान पर हो रहा है। सभा के लिए सभी तैयारियां बीती रात को ही पूरी कर ली गई है। करीब 150 बसों के जरिए किसानों को सभा स्थल पर लाया जाएगा। सुबह से ही पुलिस ने सभी पार्किंग स्थलों पर जवान तैनात कर लिए है। वहीं, सभा स्थल की सुरक्षा एनएसजी व कमांडों को दे दी गई है। करणी सेना व सपाक्स समाज के संभावित विरोध के चलते तलाशी होने लगी है।
गरीब और किसान मेरे दिल में है
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में मोदीजी ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई है, पहले भाषण में मोदीजी ने कहा था कि गरीब और किसान मेरे दिल में है, इस धारणा को लेकर ही मोदी सरकार ने किसानों के लिए कई कार्य किए है, कई बड़े कदम उठाए है। किसानों की आय दो गुना करने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे है। इसके लिए सभी सीएम की एक कमेटी भी बनाई है, इस कमेटी के चेयरमैन शिवराजसिंह चौहान है। शाह ने कहा कि, वर्ष 2014 से वर्ष 2019 के बीच मोदी सरकार ने किसानों को 11 हजार करोड़ रुपया दिया है, राहुल बाबा किसानों के लिए कार्य करने की बात कह रहे है, जब सरकार थी, तब क्यों नहीं किया। शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही सबसे ज्यादा उत्पादन हुआ है, अब दलाल किसानों की उपज नहीं खरीदते है, मोदी सरकार ने खरीफ और रबी सीजन की फसलों का दाम दो गुना दिया है, किसानों के लिए सबकुछ किया है। सीएम किसान का बेटा है, इसलिए वह किसानों का दर्द सुनता है। कभी मिट्टी को हाथ लगाया नहीं और किसानी की बात करते है, शिवराज ने बिना ब्याज किसानो को कर्ज देने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री बोले, 2013 के बहुमत से ज्यादा सीट लाएंगे
किसान सम्मेलन की शुरूआत मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के संबोधन से हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साल में किसानों के खातों में 32 हजार 701 करोड़ रुपया डाला है। किसानों को समर्थन मूल्य देने का वादा पूरा किया है, खेती को फायदे का धंधा बनाने की कोई कसर नहीं छोड़ी, सीएम ने मंच से भाजपा की सरकार बनवाने का संकल्प भी दिलाया। सीएम ने कहा कि हम वर्ष 2013 के बहुमत से ज्यादा सीट लाकर सरकार बनाएंगे।
Published on:
06 Oct 2018 05:31 pm
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
