
Avantika Express Train Latest News
रतलाम. इंदौर से मुंबई सेंट्रल जाने वाली अवंतिका एक्सपे्रस ट्रेन के गार्ड के डिब्बे के करीब सामान्य डिब्बे के टॉयलेट में एक युवक ने अपने कपड़े सहित कचरे में आग लगा दी। सोमवार शाम ट्रेन पिपलौदा बागला से नागदा स्टेशन के बीच थी, तभी अचानक टॉयलेट से धुआं बाहर आने लगा। इसके बाद डिब्बे में हड़कंप मच गया, धुआं अन्य बोगियों तक भी पहुंचा, तो यात्री आग लगने की आशंका से परेशान हो उठे। बाद में आरपीएफ व अन्य की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया। आरपीएफ नागदा ने आग लगाने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है। इस मामले की जांच के निर्देश दिए गए है, जांच तीन वरिष्ठ अधिकारियों ने शुरू कर दी है।
ट्रेन में S-1 से लेकर S-5 तक ड्यूटी करने वाले टीटीई धीरज हार्डिया ने बताया कि ट्रेन जब नागदा पहुचंने वाली थी उसके कुछ समय पूर्व ही S-1 डिब्बे से लगे सामान्य कोच के टॉयलेट में आग लगने की घटना हुई। जब टॉयलेट को खुलवाया तो देखा कि एक युवक ने कपडे़ व डस्टबिन के कचरे में आग लगा रखी थी। इसके बाद यात्रियों ने ही युवक को पकड़कर आरपीएफ के हवाले कर दिया। ट्रेन को नागदा में ही रोककर आग पर काबू पाया गया। पूरी कयावद में करीब 30 मिनट ट्रेन को अतिरिक्त समय तक रोके रखा गया।
सूचना पर पहुंचे कई अधिकारी
इसकी सूचना जैसे ही रेलवे नियंत्रण कक्ष में पहुंची, उसके बाद डीओएम गुड्स अजय बी ठाकुर, वाणिज्य प्रबंधक एनके मीणा, आरपीएफ के मंडल सहायक सुरक्षा आयुक्त आरके सिंह, स्टेशन प्रबंधक वीएस सिसौदिया सहित अन्य अधिकारी ट्रेन के रतलाम पहुंचने पर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए। इन अधिकारियों ने उस डिब्बे को देखा जिसमे आग की घटना हुई थी। इसके बाद यात्रियों, ट्रेन के टीटीई आदि के बयान लिए गए। यह तीन अधिकारी ही अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को देंगे।
एक युवक ने जला दिए थे अपने कपडे़
एक युवक ने अपने कपडे़ व अन्य सामान बाथरूम में जाकर जला दिए थे। बाथरूम में से धुआं निकल रहा था। बाद में उसको पकड़ कर नागदा आरपीएफ को दे दिया गया।
- योगेश प्रजापति, उज्जैन से रतलाम आ रहे घटना के प्रत्यक्षदर्शी यात्री
ट्रेन को रोककर आग पर पाया काबू
ट्रेन के टॉयलेट में कपडे़ व कचरे में आग एक युवक ने लगा दी थी। बाद में यात्रियों ने ही उसको पकड़कर आरपीएफ को सौंप दिया।
- धीरज हार्डिया, ट्रेन में ड्यूटी करने वाले टीटीई
पूछताछ के बाद ही किसी नतीजे पर
जिस युवक के बारे में यात्रियों ने घटना करने की बात कही है, उसको हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पूछताछ के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकेगा।
- रमन कुमार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, रतलाम रेल मंडल
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
19 Nov 2019, 11:09 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




