
जावरा। अजीब मगर यह सच है। एक तोते के घोंसले से लाखों के सोने-चांदी के जेवर मिले हैं। ये जेवर पुलिस को मिले हैं जो चोरी के हैं। एक शातिर चोर ने चोरी के बाद इसे पेड़ पर बने घोंसले में छिपा कर रखा था।
हुआ यूं कि ताल में तीन चोरों ने लाखों की चोरी की। तीनों ने २ लाख नकदी का बंटवारा कर लिया और रुपए भी ऐश-मौज में उड़ा दिए। अनाप-शनाप खर्च और बदली लाइफ स्टाइल को देख ही पुलिस को शंका हुई और पुलिस ने पड़ताल की तो तीनों को पकड़ा। इसमें एक टीचर निकला। दूसरे ने तोते के घोंसले में जेवर छिपा रखे थे।
ताल में जनवरी में खटीक गली में हुई लाखों की चोरी की वारदात के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। मामलें में ताल के ही तीन चोरों को पकड़ा। इन्होंने वारदात करना कबूला है। तीन में से पकड़े गए दो आरोपियों के पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड है। एक आरोपी घर पर ही कोचिंग पढ़ाने का काम करता था। तीनों ने मिलकर सूने मकान में २ लाख नकदी सहित आभूषण मिलाकर ६ लाख से अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। और पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। घटनाक्रम को लेकर सीएसपी आशुतोष बागरी ने रविवार दोपहर को इसका खुलासा किया। इस दौरान टीआई अरविंदसिंह राठौर भी मौजूद थे।
टीआई राठौर ने बताया कि १५-१६ जनवरी की रात में खटीक गली में रहने वाले सुल्तान खां के सूने मकान में संजय (२५) माली, रोशन (२५) मंसूरी एवं समद उर्फ लाला (२२) निवासी ताल ने सेंधमारी करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसमें सोने-चांदी के आभूषण सहित २ लाख रुपए नगदी ले उड़े थे।
तीनों ने किया बंटवारा
2 लाख नकदी में से संजय और रोशन ने ७५-७५ हजार तथा समद ने ५० हजार रुपए का बंटवारा कर लिया। नकद राशि तीनों ने अपने शोक-मौज में उड़ा दी। इसके अलावा जो आभूषण चोरी किए थे। उसके भी इन्होंने तीन हिस्से किए।
तोते के घोंसले में छिपाए जेवर
संजय व रोशन का हिस्सा संजय के यहां कच्चे मकान में रखा हुआ था तथा समद ने अपने हिस्से के आभूषण घर में ही पेड़ पर बने तोते के घोंसले में छिपा रखा था। जब पुलिस ने संजय-रोशन व समद तीनों से पूछताछ की तो इनकी निशानदेही पर सभी चोरी गए आभूषण तो बरामद कर लिए, लेकिन नकदी खर्च हो जाने के कारण बरामद नहीं हुए।
बच्चों को कोचिंग पड़ाता था आरोपी
संजय को छोड़ रोशन व समद पर पूर्व में चोरी-लूट जैसे मामले ताल, रिंगनोद व जावरा आईए थाने में दर्ज है। तीनों आरोपियों में से संजय अपने घर पर कोचिंग पढ़ाने का काम करता था। तीनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें २१ फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दौरान पुलिस इन आरोपियों से अन्य वारदातों के बारें में पूछताछ कर रही है। टीआई के अलावा एसआई आरसी खडिय़ा, एएसआई एसआर जगताप, विनोद विजवानी, आरक्षक इमरान खान, दीपकसिंह, भगतसिंह, राकेश मोरी, मुकेश पाटीदार की इसमें अहम भूमिका रही।
यह आभूषण पुलिस ने किए बरामद
पकड़े गए तीनों आरोपियों से पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवर आरोपियों के घर से बरामद किए। कूल १५५ ग्राम का सोना जिसकी कीमत ४ लाख ७५ हजार १८५ रुपए और ६२ हजार ९० रुपए की कुल चांदी यानी ५ लाख ३७ हजार २७५ रुपए के सोने-चांदी के आभूषण शामिल है। २ लाख नकद जो चोरी गए थे। वह आरोपियों ने खर्च कर दिए, ऐसे में वह बरामद नहंी हुए।
Published on:
19 Feb 2018, 5:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.