
नाबालिग को निर्वस्त्र कर मुर्गा बनाकर बेरहमी से पीटा, आरोपियों के साथ वीडियो वायरल करने वालों को ढूंढ रही पुलिस
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में प्रेम-प्रसंग के शक में एक नाबालिग लड़के की लोगों ने जमकर पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बता दें कि, लड़के के साथ ना सिर्फ बेरहमी से मारपीट की गई बल्कि उसे नग्न करके मुर्गा भी बनाया गया। बदमासों ने इसी पर बस नहीं किया। उन्होंने इस तालिबानी सजा का वीडियो भी सोशल पर डाल दिया, जो देखते ही देखते जमकर वायरल हो गया है।
आपको बता दें कि, नाबालिग लड़के से बेहरमी का ये वीडियो जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना इलाके का बताया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज करके जांच शुरु कर दी है। वहीं, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस साइबर सेल की मदद ले रही है। पुलिस के निशाने पर वो लोग भी हैं, जिन्होंने नाबालिग की पिटाई का वीडियो एक एक करके वायरल किया है। हालांकि, वीडियो इतना विभत्स है कि, पत्रिका आपको उसे दिखा भी नहीं सकता।
वीडियो के आधार पर आरोपियों को तलाश रही पुलिस
शुरुआती जांच के अनुसार, क्रूरता की सारी हदें पार करने वाली तस्वीरें रायपुर कर्चुलियान थाना इलाके की हैं। बताया जा रहा है कि, प्रेम-प्रसंग के शक में किशोर को कुछ युवक निर्वस्त्र कर बेरहमी के साथ लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की है। हालांकि इस मामले की किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच जरूर शुरु कर दी है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों को तलाश रही है।
ASP ने की पुष्टि
वहीं, मामले को लेकर रीवा एसएसपी नवनीत भसीन का कहना है कि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के जोगिनहाई का बताया जा रहा है। कुछ लोग एक किशोर को निर्वस्त्र कर पीट रहे हैं। यहीं नहीं इस दौरान उसे मुर्गा भी बनाया गया है। वीडियो में चार से पांच लोग किशोर से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो के तहत आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। संबंधित थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिये जा चुके हैं।
मंत्री जी के भाई के लिए पुलिस करती है यहां खास इंतजाम, देखें वीडियो
Published on:
7 Sep 2022, 7:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.