
rewa
रीवा. जिला न्यायालय परिसर में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के चलते कोर्ट पहुंचने वाले लोगों को परेशानी होती है। इससे केवल पक्षकार ही परेशान नहीं होते बल्कि जज एवं कोर्ट के कर्मचारी भी कठिनाइयों का सामना करते हैं। कुछ दिन पहले इसी अव्यवस्था पर तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुधीर सिंह राठौड़ ने नाराजगी जाहिर की थी और वाहनों के पार्किंग के लिए स्थान भी उपलब्ध करवाया था। कई दिनों तक तो वाहन अपने स्थान पर ही पार्क होते रहे लेकिन फिर से पहले के जैसे ही अव्यवस्था शुरू हो गई। सोमवार को जज राठौड़ जैसे ही कोर्ट पहुंचे देखा कि लोग मनमर्जी सडक़ पर या फिर कोर्ट के मुहाने पर ही वाहन खड़ा कर रहे हैं।
मामले में उन्होंने कई लोगों को फटकार भी लगाई और जुट गए वाहन पार्किंग की व्यवस्था बनाने में। जज को पक्षकारों के साथ वाहन पार्किंग में वाहन खड़ा कराते देख वकील एवं अन्य लोग भी आ गए। अधिवक्ताओं ने भी कहा हैकि वह अपने चेंबर के पास वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराएंगे।
सडक़ पर वाहन खड़ा कर रहे लोगों ने अपनी गलती स्वीकार की और निर्धारित स्थल पर ही स्वयं अपने वाहन लेकर जाने लगे। तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश सुधीर सिंह राठौड़ ने कहा कि वाहनों को व्यवस्थित खड़ा करने से किसी एक व्यक्ति को सुविधा नहीं होगी बल्कि कोर्ट आने वाले हर सख्श को कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अधिवक्ताओं ने भी कहा हैकि वह अपने चेंबर के पास वाहनों को व्यवस्थित रूप से खड़ा कराएंगे।
अवकाश के दिन करते हैं सफाई
न्यायाधीश सुधीर सिंह राठौड़ अवकाश के दिनों में सुबह कोर्ट परिसर की सफाई करते हैं। पहले वह अकेले ही यह सब करते थे लेकिन अब कई अन्य जज भी पहुंच रहे हैं। इनका उत्साहवर्धन करने के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने भी गत दिवस हाथ में झाडू थामकर सफाई की थी।
Updated on:
29 May 2018 06:35 pm
Published on:
29 May 2018 06:35 pm
