
यूनिवर्सिटी
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सहारनपुर में जुलाई माह से राज्य विश्वविद्यालय का संचालन होगा। वर्तमान में 10 कमरों में विश्वविद्यालय का संचालन होगा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार को सहारनपुर विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। माना जा रहा है कि सहारनपुर विश्वविद्यालय काे कुलपति भी मेरठ विश्वविद्यालय से ही मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें : नजीर: सहारनपुर की बेटी आस्था शर्मा का नाम Guinness Book of World Record में दर्ज
सहारनपुर में वर्षों से विश्वविद्यालय की मांग की जा रही थी। सहारनपुर में विश्वविद्यालय ना होने की वजह से सहारनपुर के युवाओं को दूसरे प्रदेशों में पढ़ाई करने के लिए जाना पड़ता था। लंबे समय से सहारनपुर में विश्वविद्यालय शुरू होने के कयास जताए जा रहे थे लेकिन अब विशेष सचिव अब्दुल समद ने सहारनपुर जिलाधिकारी आलाेक कुमार को विश्वविद्यालय जुलाई से शुरू करने के निर्देश भेजकर सभी कयासों पर विराम लगा दिया है। सहारनपुरवासियों के लिए यह अच्छी खबर है कि जुलाई माह से सहारनपुर में विश्वविद्यालय शुरू हो जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च माह में सहारनपुर विश्वविद्यालय काे कुलपति भी मिल जाएंगे।
50,000 से अधिक छात्रों को होगा लाभ
सहारनपुर विश्वविद्यालय बनने से 50,000 से अधिक युवाओं को लाभ होगा। सहारनपुर मंडल में 170 से अधिक डिग्री कॉलेज हैं और इनमें 11 सरकारी हैं जबकि 20 कॉलेज सहायता प्राप्त है। अगर सहारनपुर की बात की जाए तो जेवी जैन डिग्री कॉलेज, महाराज सिंह कॉलेज और मुन्नालाल गर्ल्स डिग्री कॉलेज जैसे कॉलेज भी हैं। यह सभी कॉलेज अभी तक मेरठ विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं लेकिन सहारनपुर से मेरठ की दूरी काफी होने की वजह से युवाओं को विश्वविद्यालय संबंधी किसी भी कार्य के लिए मेरठ की दौड़ लगानी होती है। अब सहारनपुर में विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद यहां के युवाओं काे राहत मिलेगी।
Updated on:
01 Feb 2020 08:10 am
Published on:
01 Feb 2020 08:10 am
