
सहारनपुर. आंख मारकर रातों रात देश के युवाओं के दिलों पर राज करने वाली प्रिया प्रकाश के 36 सेकंड के वीडियो के बाद अब सहारनपुर के एक प्रोफेसर का 32 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रिया प्रकाश के वीडियो में प्रिया स्कूल के स्टूडेंट से चोरी चोरी नैन मटक्का करती हुई दिखाई गई हैं। जबकि 32 सेकंड के इस वीडियो में खुलेआम प्रोफेसर का शायराना अंदाज सामने आया है। क्लास चल रही है और क्लास रूम में प्रोफेसर अचानक रोमांटिक मूड में आ जाते हैं और छात्र छात्राओं को गाना सुनाते हैं दर्दे दिल दर्दे जिगर दिल में जगाया आपने...प्रोफेसर जब क्लास रूम के अंदर यह गाना गा रहे हैं तो छात्र छात्राएं भी उनकी तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए सुनाई देते हैं।
ऐसे हुआ वीडियो वायरल
दरअसल, जिस समय प्रोफेसर क्लास रूम के अंदर यह गाना गा रहे थे उसी दौरान क्लास रूम में बैठे एक छात्र ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे से स्टिंग कर लिया और प्रोफेसर का वीडियो बना लिया। इसके बाद इस वीडियो को सोशल मीडिया और WhatsApp पर शेयर कर दिया गया। अब यह वीडियो सहारनपुर के जेबी जैन डिग्री कॉलेज के लॉ डिपार्टमेंट के स्टूडेंट के बीच चर्चा का विषय बना है और इस वीडियो को जमकर WhatsApp पर शेयर किया जा रहा है। युवा पीढ़ी के दिमाग से वायरल गर्ल प्रिया प्रकाश का भूत नहीं उतर रहा और इस वीडियो को प्रिया प्रकाश के नाम से शेयर किया जा रहा है और कहा जा रहा है कि अभी तक आपने प्रिया प्रकाश का वीडियो देखा था अब एक प्रोफेसर का भी देखिये।
हेड ऑफ द डिपार्टमेंट हैं प्रोफेसर
इस वीडियो में जो प्रोफेसर छात्र छात्राओं को गाना सुनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वह जेबी जैन डिग्री कॉलेज के लॉ डिपार्टमेंट के हेड हैं। यह भी बता दें कि सहारनपुर के जेबी जैन डिग्री कॉलेज के लॉ डिपार्टमेंट के 100 से अधिक छात्र छात्राओं को अटेंडेंस शॉर्ट होने के कारण परीक्षा में बैठने से मना कर दिया गया था। इसके बाद लंबे समय तक इन छात्र-छात्राओं ने आंदोलन किया। इस तरह आंदोलन के बाद मेरठ विश्वविद्यालय ने अनुमति दी थी कि इन 100 से अधिक छात्र छात्राओं की एक्स्ट्रा क्लासेस चलाई जाएं और इस तरह इनकी अटेंडेंस पूरी करके इनको परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाए। अब जो वीडियो वायरल हुआ है वह इन्हीं छात्र छात्राओं की एक्स्ट्रा क्लासेस का है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि इतने गंभीर मामले को लेकर एक्स्ट्रा क्लासेस की व्यवस्था कॉलेज और विश्वविद्यालय की ओर से की गई। बावजूद इसके इन एक्स्ट्रा क्लासेस में किस तरह समय की बर्बादी की जा रही है। इसका सहज अंदाजा आप इस वायरल वीडियो से ही लगा सकते हैं।
Published on:
18 Feb 2018, 9:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.