
कमलनाथ
सहारनपुर। लोकसभा चुनाव के लिए लगभग सभी प्रमुख दलों ने अपने कुछ उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इनमें भाजपा को छोड़ दें तो गठबंधन और कांग्रेस की कई सूचियां जारी हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि आज यानी 19 मार्च (मंगलवार) को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी अपनी पहली सूची जारी कर सकती है। खास बात यह है कि भाजपा की तरफ से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेता कमलनाथ के भतीजे को भी टिकट मिल सकता है।
कुछ ही घंटों में जारी हो सकती है सूची
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए भाजपा कुछ ही घंटों में अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। सहारनपुर लोकसभा सीट से कई भाजपाई अपने-अपने नामों की वकालत कर रहे हैं लेकिन यहां से अभी तक सबसे मजबूत प्रत्याशी वर्तमान सांसद राघव लखनपाल शर्मा को ही माना जा रहा है। ऐसे में उम्मीद यही जताई जा रही है कि भाजपा उत्तर प्रदेश की नंबर -1 संसदीय सीट सहारनपुर से राघव लखनपाल शर्मा को मैदान में उतारेगी। राघव लखनपाल शर्मा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के सगे भतीजे हैं। कमलनाथ का आज भी उनके घर पर आना-जाना है।
यह है एक बड़ी वजह
राघव लखनपाल शर्मा को सहारनपुर से चुनाव लड़ाने की एक बड़ी वजह यह भी है कि उनके फूफा कमलनाथ कांग्रेस में हैं। ऐसे में यह अफवाह भी फैली हुई है कि अगर किसी कारण से सहारनपुर सीट पर राघव लखनपाल शर्मा को टिकट नहीं मिलता तो वह कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा को बड़ा झटका लगेगा। चुनाव से पहले भाजपा किसी भी तरह का जोखिम उठाना नहीं चाहती है।
सहारनपुर से इनके नाम हैं दौड़ में
सहारनपुर लोकसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए जो प्रत्याशी अपने नामों के दावे कर रहे हैं, उनमें पूर्व विधायक राजीव गुंबर, पूर्व विधायक महावीर सिंह राणा, देवबंद विधायक बृजेश सिंह और जिला अध्यक्ष विजेंद्र कश्यप भी शामिल हैं। टिकट के लिए वे अपने आकाओं से सिफारिश करा रहे हैं।
11 अप्रैल को है मतदान
आपको बता दें कि प्रथम चरण के चुनाव 11 अप्रैल को होंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ जिलाें में भी 11 अप्रैल को ही मतदान होगा। इनमें सहारनपुर का भी नाम है। सहारनपुर गठबंधन और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। यहां से बसपा के टिकट पर हाजी फजलुर्रहमान और कांग्रेस के टिकट पर इमरान मसूद चुनाव मैदान में हैं।
Updated on:
19 Mar 2019, 1:06 PM IST
Published on:
19 Mar 2019, 1:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.