
सहारनपुर। कैराना उपचुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति अब तेज हो जाएगी। सहारनपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिवंगत हुकुम सिंह की बेटी मृगांका को कैराना उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी बताया है। गठबंधन को मोदी रोको प्रतियोगिता बताते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की बागडोर केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही संभाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब कैराना उपचुनाव में भाजपा को जिताना है। उन्होंने मंच पर बैठी मृगांका सिंह की ओर इशारा करते हुए भाजपा को वोट देने की अपील की। यह अलग बात है कि अभी कैराना उपचुनाव के लिए प्रत्याशी की औपचारिक घोषणा होनी बाकी है लेकिन इशारों में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कह गए हैं कि कैराना सीट से भाजपा की प्रत्याशी मृगांका ही होंगी।
भावुक हो गईं मृगांका
गुरुवार को सहारनपुर में महर्षि कश्यप जयंती समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे थे। गांधी पार्क मैदान में सभा चल रही थी। वहां पर कैराना सांसद रहे हुकुम सिंह की बेटी मृगांका को भी संबोधन के लिए कहा गया। इस दौरान मृगांका ने जब अपने पिता का नाम मंच से लिया तो वह भावुक हो गईं। उनकी आंखें भर आईं। इसके बाद उन्होंने तेजी से ही अपना भाषण पूरा कर दिया और ज्यादा कुछ नहीं कहा। इस दौरान एक पल के लिए पूरे कार्यक्रम में सन्नाटा सा पसर गया।
कौन हैं मृगांका
मृगांका बाबू हुकम सिंह की बेटी हैं। वह हुकम सिंह की राजनीतिक विरासत की अकेली वारिस भी हैं। बाबू हुकम सिंह के निधन के बाद कैराना लोकसभा सीट पर उपचुनाव होना है। इस लोकसभा सीट का क्षेत्र सहारनपुर में भी पड़ता है। यहां कैराना लोकसभा सीट के क्षेत्र में दो विधानसभा नकुड़ और गंगोह आती हैं। इस वजह से कैराना लोकसभा चुनाव को लेकर सहारनपुर भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यही कारण है कि गुरुवार को जब सहारनपुर में उपमुख्यमंत्री महर्षि कश्यप जयंती में पहुंचे तो यहां हुकम सिंह की बेटी मृगांका को भी बुलाया गया। यहीं पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मृगांका के नाम की तरफ इशारा किया। इशारों ही इशारों में उन्होंने साफ कर दिया कि भाजपा की कैराना सीट से प्रत्याशी मृगांका ही होंगी।
Published on:
13 Apr 2018 09:41 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
