
सतना. सतना में मिस्ड कॉल के जरिए एक युवती ने सिविल इंजीनियर को अपने प्यार के जाल में फंसाया और फिर उसे ब्लैकमेल कर 50 लाख रुपए की डिमांड करने लगी। इतना ही नहीं अपने चार साथियों के साथ मिलकर युवती ने इंजीनियर को पीटा और जबरदस्ती 5-5 लाख रुपए के 4 चेक भी साइन करा लिए। जिनमें से एक चेक कैश भी करा लिया। बाकी पैसे न मिलने पर इंजीनियर के घर पहुंचकर हंगामा किया, रेप केस में फंसाने की धमकी दी। जिसके बाद इंजीनियर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने हनीट्रैप में फंसाने वाली युवती के साथ ही उसके चारों साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
हैलो..मैं रश्मि बोल रही हूं..
हुस्न का जाल बिछाकर हनीट्रेप में फंसाने वाली युवती व उसके चारों साथियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि छोटी सब्जी मंडी स्टेशन रोड निवासी 58 वर्षीय सिविल इंजीनियर ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन महीने पहले अज्ञात नंबर से फोन आया था। उन्होंने बात की तो सामने से एक लड़की बोल रही थी जिसने खुद का नाम रश्मि बताया और उसके बाद लगातार फोन करने लगी। सिविल इंजीनियर रश्मि के इरादों को भांप नहीं पाया और उससे बात करता रहा। धीरे-धीरे वो रश्मि के बनाए जाल में फंस गया और एक दिन रश्मि के बुलाने पर उसके बाईपास डेलौरा स्थित मकान पर चला गया। जहां पहले से ही रश्मि के साथी अजय, जगजाहिर, अनुज व विजय मौजूद थे। इंजीनियर के पहुंचते ही रश्मि ने चारों साथियों के साथ मिलकर उसे ब्लैकमेल किया और रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की मांग की। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने इंजीनियर के साथ मारपीट की और उससे जबरदस्ती 4 सेल्फ चेक 5-5 लाख रुपये के साइन करा लिए।
5 लाख रुपए कैश कराए
आरोपियों ने पांच लाख रुपए का एक चेक भी बाद में बैंक से कैश करा लिया गया लेकिन बाकी के तीन चेक कैश नहीं होने पर बाउंस हो गए। चेक बाउंस होने के बाद रश्मि व उसके साथी इंजीनियर पर पैसों के लिए दबाव बनाने लगे। एक दिन उसके घर का पता लगाकर उसकी पत्नी को भी धमकी देकर गए। जब आरोपी घर तक पहुंच गए तो इंजीनियर ने पूरी बात घरवालों व अपने करीबी दोस्तों को बताई जिसके बाद सभी की समझाईश पर वो शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस
हनीट्रैप की शिकायत मिलने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और रश्मि के डिलौरा बाइपास स्थित मकान में रेड मारी। महिला के हाथ लगते ही बाकी के चार आरोपियों को भी अलग-अलग जगह से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपियों के पास से तीन चेक, आधा दर्जन मोबाइल, तीन बाइक और पौने दो लाख रुपये नकद मिले हैं। पुलिस को शक है कि रश्मि व उसकी गैंग पहले भी इसी तरह के कुछ लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं जिसे लेकर आरोपियों से पूछताछ की बात पुलिस कह रही है।
देखें वीडियो-
Updated on:
15 Jul 2022, 9:04 PM IST
Published on:
15 Jul 2022, 9:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.