
MP election 2018: District Election Officer's meeting of FST teams
सतना। व्यय निगरानी टीमों विशेष कर एफएसटी (उडऩदस्ता टीम) की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट चल रहे जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल जैन ने शुक्रवार को एफएसटी टीमों की बैठक बुलाकर उनकी क्लास ली। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि पूरे जिले में आप लोगों का कही काम न समझ में आ रहा है और न ही दिख रहा है। कहीं संपत्ति विरुपण की कार्यवाही नहीं हो रही है कोई मेजर जब्ती नहीं कर पा रहे हैं। अब ऐसा नहीं चलेगा। अब हर दिन की हाजिरी आपकी एक्टिविटी के आधार पर बनेगी। जिस दिन कोई एक्टिविटी नहीं होगी उस दिन का वेतन राजसात होगा और गैर हाजिर माने जाएंगे।
एफएसटी टीम की कार्यप्रणाली ठीक नहीं
जिले में तैनात एफएसटी टीम की कार्यप्रणाली काफी ठंडी सी है। इनकी कार्यप्रणाली में कसावट लाने के लिये शुक्रवार को इनकी बैठक बुलाई। इस दौरान इनकी जमकर क्लास ली गई। उन्होंने कहा कि अब मस्ती बहुत हो गई। एक दिन में कितनी जांच कर रहे हैं उसकी जांच करते हुए फोटो भेजेंगे।
क्षेत्र में प्रभाव दिखना चाहिए
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में एफएसटी टीम का प्रभाव नजर आना चाहिए और लोगों में आचार संहिता के उल्लंघन के लिये टीम का खौफ नजर आना चाहिए। अब से हर दिन टारगेट तय करें और फील्ड में जाएं। इस दौरान संपत्ति विरुपण, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, जुलूस, सभा, रैली आदि की निगरानी करें और देखें कि कही कोई गड़बड़ तो नहीं हो रही है। बिना नंबर की गाडिय़ां, अवैध शराब का परिवहन, वाहनों के शीशे में काली फिल्म, बिना दस्तावेज नगदी राशि की आवाजाही आदि पर सख्ती से निगाह रखें और ऐसा करते हुए पाए जाने पर कार्यवाही करें।
अभी एफएसटी टीमें सक्रिय नजर नहीं आ रही थीं। इन्हें जार्ज किया गया है और स्पष्ट किया गया है कि अब उपस्थिति का आधार एक्टिविटी होगा। उनके रिस्पांस टाइम को सुधारने निर्देश दिए गए हैं।
राहुल जैन, जिला निर्वाचन अधिकारी
Updated on:
03 Nov 2018 12:31 pm
Published on:
03 Nov 2018 12:31 pm
