
समय सीमा बैठक लेते कलेक्टर अनुराग वर्मा
सतना. समय सीमा बैठक में कलेक्टर अनुराग वर्मा ने नॉट अटेन्डेंट और समय सीमा बाह्य प्रकरण मिलने पर अमरपाटन बीएमओ पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया है। इसी तरह से बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर जेएसओ सोहावल, मझगवां व रामपुर बाघेलान को शो-कॉज जारी करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग सुधारने के निर्देश के साथ होली अवकाश के पहले ही संबंधित शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए। चेताया कि अपेक्षित प्रगति नहीं आने पर अवकाश के दिन दफ्तर खोलना पड़ा तो खुलवा कर काम करवाया जाएगा। इस दौरान निगमायुक्त तन्वी हुड्डा, जिपं सीईओ डॉ परीक्षित राव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
तो होली में खुलेगा दफ्तर...
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि अभी 72 प्रतिशत वेटेज के साथ सतना जिला पांचवे स्थान पर है। जिले की रैंकिंग सही करने वेटेज 76 फीसदी लाने के निर्देश दिए। कहा, 20 मार्च को ग्रेडिंग होनी है। इसलिये सभी के पास अभी चार दिन का समय है। इन 4 दिनों में काम कर लें। इस अवधि में अगर काम नहीं हो पाया तो संबंधितों को होली नहीं मनाने दूंगा। होली के दिन दफ्तर खुलवा कर मैं खुद बैठूंगा और संबंधितों से भी काम करवाउंगा। लिहाजा तय कर लें कि होली के दिन काम करना है या अवकाश लेना है।
पीएचई की शिकायतों में कमी नहीं
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में पाया गया कि इस बार 91 शिकायतों में कमी आई है। पाया गया कि सभी विभागों में शिकायतों की संख्या कम हुई है लेकिन पीएचई में 266 शिकायतें बढ़ गई हैं। इसके अलावा वित्त, जल संसाधन, लोक निर्माण, कृषि और आदिम जाति कल्याण की ग्रेडिंग 'डी' में रहने पर उन्हें 'सी' ग्रेड में आने की नसीहत दी गई। खाद्य, श्रम, स्वास्थ्य, राजस्व, वन, खनिज, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ग्रेडिंग 'सी' होने पर इन्हें 'बी' श्रेणी में लाने के निर्देश दिए गए। 100 दिवस से ऊपर की 2216 शिकायतों को शीघ्र निराकृत करने कहा गया है।
डॉ भदौरिया पर जुर्माना
नॉट अटेण्ड और समय बाह्य शिकायतों की समीक्षा के दौरान बीएमओ डॉ डीपीएस भदौरिया की दो शिकायत समय बाह्य लंबित होने पर कलेक्टर ने 250 रुपये के मान से जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार समय बाह्य प्रकरणों में लोक सेवा गारंटी के ऊर्जा विभाग की एक, श्रम विभाग की रामनगर सीएमओ से संबंधित 12 शिकायतें समय बाह्य पाए जाने पर जुर्माने की नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
लगातार अनुपस्थिति पर नोटिस
बैठक में पाया गया कि ईई बाणसागर लगातार बिना सूचना के बैठकों में अनुपस्थित हो रहे हैं। इसी तरह से जेएसओ सोहावल विवेक सिंह, मझगवां राजीव पाण्डेय और रामपुर बाघेलान बृजेश पाण्डेय भी बिना सूचना अनुपस्थित मिले। इन सभी को शो-कॉज के निर्देश दिए गए।
83 में से 19 हजार किसानों का हुआ सत्यापन
गेहूं उपार्जन के पंजीकृत किसान और रकबे के सत्यापन में तेजी लाने एसडीएम और तहसीलदार को निर्देश दिए गए। अब तक जिले में गेहूं उपार्जन के लिए जिले में 83,669 किसानों ने 1,64,815 हेक्टेयर क्षेत्र का पंजीयन कराया है। अभी तक 19,224 किसानों के 55,877 हेक्टेयर रकबे का सत्यापन हो सका है।
24 मार्च तक 1350 आवास पूर्ण करायें
पीएम आवास की समीक्षा में जिपं सीईओ ने सभी जनपद सीईओ को लक्ष्य आवंटित कर 24 मार्च के पूर्व 1350 आवास पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं सुपोषित भारत के लक्ष्य के लिये ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 21 से 27 मार्च तक स्वस्थ बालक-बालिका स्पर्धा के आयोजन किए जाने की जानकारी दी गई
Published on:
15 Mar 2022 11:42 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
