
सिवनी. जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता को जिले की कमान संभाले हुए तीन माह बीत चुके हैं। गौवंश तस्करी पर पुलिस लगाकार कार्रवाई कर रही है। हालांकि लगातार मामले आ रहे हैं। वहीं चोरी, हत्या, लूट की घटनाएं भी हो रही हैं। पहले से स्थिति में थोड़ा सुधार है। दरअसल तीन माह पहले जिले में धूमा, धनोरा, और पलारी थाना क्षेत्रों में काफी संख्या में मवेशी मृत अवस्था में मिले थे। जिनकी गला रेत कर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह को हटा दिया गया था और उनके स्थान पर इंदौर में पदस्थ सुनील मेहता को सिवनी जिले की कमान सौंपी गई। तीन माह में कप्तान ने कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। आगामी समय में उनकी क्या प्राथमिकताएं हैं। बढ़ते अपराध पर अंकुश कैसे लगेगा। इन सभी बिन्दुओं को लेकर पत्रिका ने एसपी से सवाल-जवाब किया। जिसका उत्तर उन्होंने बेबाकी से दिया। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखकर सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना मेरी प्राथमिकता थी और रहेगी। पुलिस नियमावली की सीमा में रहकर कार्य कर रही है।
प्रश्न-एक अच्छे पुलिसकर्मी की परिभाषा क्या है?
उत्तर-अच्छा पुलिसकर्मी वही होता है जो जनता को वह माहौल उपलब्ध कराए जिससे उसे सुरक्षा का एहसास हो। अगर उसके सामने ऐसी कोई गतिविधि घटित हो रही है, जो अवैध हो तो उसे रोकने में सक्षम हो।
प्रश्न-गौवंश तस्करी के मामले रूक नहीं रहे हैं?
उत्तर-कई मामले ऐसे पाए जा रहे हैं जो विभिन्न जिलों से होते हुए सिवनी तक पहुंच रहे हैं। पुलिस विभिन्न जिलों से समन्वय बना रही है। सम्मिलित प्रयास से रोक लगेगी। आने वाले समय में प्रभावी रिजल्ट दिखेगा।
प्रश्न-कई मामलों में आरोपी फरार हो जा रहे हैं?
उत्तर-इसके कई वजह है। अपराधी अलग-अलग वाहन से एक रास्ते पर चलते हैं। वे पुलिस की आहट पाते ही वाहन छोडकऱ फरार हो जाते हैं। हालांकि वाहन अगर मिल गया तो फिर आरोपी भी पकड़ में आ ही जाता है।
प्रश्न-लूट, हत्या, चोरी सहित अन्य अपराधों में कमी नहीं आ रही है?
उत्तर- पुलिस त्वरित खुलासा भी कर रही है। अपराधों पर भी अंकुश लगा है।
प्रश्न-फिटनेस को लेकर आप जागरूक हैं?
उत्तर-सबसे पहले तो हमारे पुलिसकर्मियों की फिटनेस जरूरी है। इसके लिए समय-समय पर उन्हें मार्गदर्शन दिया जा रहा है। अगर उनकी फिटनेस अच्छी होगी तो कार्य भी अच्छा होगा।
प्रश्न-साइबर अपराध के मामले बढ़ रहे हैं?
उत्तर-थाना प्रभारियों को साइबर अपराध से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी भी तैयारी चल रही है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है
प्रश्न-पुलिस का व्यवहार बेहतर नहीं हो रहा?
उत्तर-पहले से बहुत बदलाव आया है। हम अच्छे पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी करते हैं और शिकायत मिलने पर कार्रवाई भी की जा रही है। जनता सीधे पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर सकती है।
प्रश्न-पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश कब तक मिलेगा?
उत्तर-साप्ताहिक अवकाश देना संभव नहीं हो पाता है। हां यह जरूर है कि जैसी आवश्यकता होती है उसको देखते हुए छुट्टी दी जाती है। आदेश आने पर पालन किया जाएगा।
प्रश्न-काम की बोझ से पुलिसकर्मी तनाव में आ रहे हैं?
उत्तर-जल्द ही स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कराएंगे। इसके बाद योग सहित अन्य माध्यम से स्वस्थ्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रश्न-धाराओं के बदलने से क्या परेशानी आ रही है?
उत्तर-कोई परेशानी नहीं है। हमारे थाना प्रभारी काफी अच्छे से उस पर काम कर रहे हैं।
प्रश्न-अतिक्रमण की वजह से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है?
उत्तर-पहले से काफी सुधार हुआ है। नगर पालिका के समन्वय से ही यह काम होना है। स्थिति और बेहतर होगी।
प्रश्न-आपकी नजर में सफलता का मूलमंत्र क्या है?
उत्तर-अपने ऊपर भरोसा रखें। मेहनत करें और विश्वास रखें की मेहनत का फल हमेशा मीठा होता है।
प्रश्न-जिले में क्या सुधार देखना चाहते हैं?
उत्तर-गोकशी के मामले के बाद मुझे सिवनी भेजा गया था। मेरी प्राथमिकता में यह शामिल है। गोकशी के मामले और गौवंश परिवहन पर लगातार हमारी टीम काम कर रही है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
22 Sep 2024, 3:44 PM IST
Published on:
22 Sep 2024, 3:44 PM IST
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़




