
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
शामली. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शामली में किसान संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उनके साथ पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल और गन्ना मंत्री सुरेश राणा भी मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की सरकारों के शासन में शाम पांच बजते ही घरों के दरवाजे बंद हो जाते थे, लेकिन अब एके 47 रखने वाले बदमाशों की संपत्तियों पर योगी राज में बुलडोजर चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की मदद से अब गुंडे पंजाब में शरण ले रहे हैं।
शामली के कैराना विधानसभा क्षेत्र के गांव कंडेला स्थित चौधरी मान सिंह इंटर कॉलेज में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह किसान संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून का राज कायम है। पहले पश्चिम उत्तर प्रदेश में शाम के 5 बजते ही लोग अपने घरों के दवाजे बंद कर देते थे। उस दौरान अपराधियों का बोलबाला था, आज कानून का राज है।
उन्होंने कहा कि पहले सहारनपुर से दिल्ली जाने के लिए लंबा वक्त लगता था, लेकिन जब हमारी सरकार आई हमने हाईवे का निर्माण कराया। अब कम समय में सहारनपुर से दिल्ली का सफर तय किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कों से क्षेत्र में निवेश आयाम बढ़ते हैं और जिससे क्षेत्र विकसित होता है और युवाओं का भी विकास होता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चुनाव में पैसा बांटने वाले और शराब के लिए आने वालों को कभी वोट मत देना। स्वतंत्र देव सिंह ने मंच से जय जवान, जय किसान के नारे भी लगवाए।
Published on:
24 Mar 2021 11:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
