
मृगांका का टिकट कटने पर भाजपा में फूट, सैकड़ों भाजपाई देंगे इस्तीफा!
शामली। भाजपा ने शनिवार को उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। जिसमें कुल 11 प्रत्याशियों के नाम जारी किए गए हैं। सूची में वेस्ट यूपी की तीन सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया गया। जिसमें बुलंदशहर से भोला सिंह, नगीना से डॉ यशवंत और भाजपा ने कैराना से दिवंगत सांसद हुकुम सिंह की पुत्री मृगांका सिंह को झटका देते हुए प्रदीप चौधरी को टिकट दिया है।
सूची जारी होने के बाद अब कैराना में मृगांका के समर्थक विरोध में उतर आए हैं और सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा देने की पेशकश कर दी है। इसके साथ ही भारी संख्या में समर्थक मृगांका सिंह के घर पर जुटे। बताया जा रहा है कि भाजपा युवा मोर्चा ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष अक्षय चौहान ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही सम्पूर्ण युवा मोर्चा मण्डल कार्येकर्ताओं ने भी इस्तीफा देने की पेशकश कर दी है। विरोध कर रहे कार्यकर्ता भाजपा हाईकमान से मृगांका सिंह को टिकट देने की मांग कर रहे हैं।
इस बाबत मृगांका सिंह का कहना है कि टिकट कटने से कार्यकर्ता व समर्थक मायूस हुए हैं। हमने दस महीने तक मिलकर दिन रात एक कर पार्टी को मजबूत किया है। हमें पार्टी हाईकमान से ये उम्मीद नहीं थी। हमने पार्टी नेताओं को अवसर देने का अनुरोध भी किया था। फिर भी टिकट काट दिया गया।
गौरतलब है कि शामली की कैराना लोकसभा सीट 2019 चुनाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस सीट पर 2014 के चुनाव में भाजपा की ओर से दिवंगत हुकुम सिंह ने जीत हासिल की थी। हालांकि उनके निधन के बाद उपचुनाव में पार्टी ने उनकी बेटी मृगांका सिंह को रालोद प्रत्याशी तब्बसुम हसन के खिलाफ मैदान में उतारा था। जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से यही कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा फिर से मृगांका सिंह को टिकट दे सकती है। हालांकि पार्टी ने कयासों पर विराम लगाते हुए गंगोह विधायक प्रदीप चौधरी को टिकट दिया है।
Published on:
23 Mar 2019, 6:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.