
शामली। पुलिस ने ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 2 शातिर तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से करीब 4.5 करोड़ की स्मैक बरामद करने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस का कहना है कि तस्कर डीसीएम में तरबूज की खेप के बीच स्मैक ले जा रहे थे। यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान तस्करी के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है।
दरअसल, पूरा मामला जनपद के झिंझाना थाना क्षेत्र के बिडोली चेकपोस्ट का है। जहां एसपी द्वारा चलाए जा रहे नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो तस्कर यूपी के बरेली से डीसीएम में तरबूज की खेप के बीच में स्मैक छिपाकर पंजाब और में चंडीगढ़ सप्लाई के लिए जा रहे है। जिसपर झिंझाना पुलिस ने चेकपोस्ट पर टीम बनाकर चैकिंग कराई। इस दौरान एक डीसीएम को बॉर्डर पर रोककर उसकी तलाशी ली गई तो तरबूज की खेप के बीच से करीब 4.5 किलो स्मैक का एक पैकेट बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चालक और परिचालक को भी गिरफ़्तार कर लिया।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके नाम शाहबाज और दानिश है। जो 50 हजार रुपए के लालच में बरेली से स्मैक को लेकर के पंजाब में सप्लाई करने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि कैंटर में तरबूज केवल इसलिए लादे थे कि किसी को कोई शक ना हो। फिलहाल पुलिस ने तस्करो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इनके तार किसी बड़े ड्रग्स तस्कर नेटवर्क से जुड़े हैं।
Updated on:
6 Jun 2020, 3:57 PM IST
Published on:
6 Jun 2020, 3:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.