
शिवपुरी. 6 साल तक रिलेशन में रहने के बाद बीते दिनों जब प्रेमी ने कहीं और शादी पक्की कर ली तो प्रेमिका थाने पहुंच गई। मामला शिवपुरी का है जहां प्यार में धोखा मिलने के बाद एक युवती महिला थाने पहुंची। हालांकि युवती शिकायत दर्ज कराती इससे पहले ही दोनों परिवारों में राजीनामा हो गया। युवती का आरोप है कि प्रेमी ने प्यार में धोखा तो दिया ही साथ ही उसके पिता भी अपने वादे से मुकर रहे हैं।
प्यार का झांसा देकर करता रहा रेप
हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाली स्वाति (बदला हुआ नाम) ने बताया कि उसकी दोस्ती 6 साल पहले बैराड़ के रहने वाले राजू के साथ हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और राजू ने उससे शादी का वादा किया। रश्मि ने बताया कि राजू ने शादी का वादा कर 6 साल में कई बार शारीरिक संबंध बनाए लेकिन अब वो शादी से मुकर गया और दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। रश्मि के मुताबिक राजू का 12 अप्रैल को टीका भी हो चुका है और 19 अप्रैल को उसकी शादी है, अगर उसकी शादी प्रेमी राजू से नहीं हुई तो वो प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगी।
प्रेमी के पिता पर भी लगाए आरोप
रश्मि (बदला हुआ नाम) ने बताया कि प्रेमी राजू के शादी से इंकार करने पर उसके पिता ने समाज के बड़े बुजुर्गों के बीच ये वादा किया था कि वो उसकी (रश्मि) का पूरा खर्चा उठाएंगे। जब भी शादी करेगी शादी का खर्च भी वहन करेंगे लेकिन अब राजू के पिता भी वादे से मुकर गए हैं, उसका फोन तक नहीं उठा रहे हैं। हालांकि छात्रा शिकायत दर्ज करा पाती इससे पहले ही दोनों परिवारों के परिजन थाने पहुंच गए और उनके बीच राजीनामा हो गया। मामले में पुलिस का कहना है कि एक बार फिर दोनों पक्षों ने राजीनामे का मन बनाया है। अगली बार पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा।
Published on:
15 Apr 2022, 5:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.