
ब्लॉक पर्यवेक्षक के बिगड़े बोल: लोगों को ही नहीं खुद को भी बता दिया मक्कार, देखें वीडियो
संजीव जाट की रिपोर्ट
शिवपुरी. मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की बदरवास जनपद पंचायत के सभागार में एक महीने तक चलने वाले राष्ट्रीय पोषण माह शिविर की शुरुआत हुई। नगर परिषद उपाध्यक्ष भूपेंद्र यादव और महिला बाल विकास समिति सभापति एव पार्षद राहुल जाट, दिलीप चौधरी ने कार्यक्रम की शुरुआत की। ये राष्ट्रीय कार्यक्रम महिला बाल विकास के साथ-साथ अन्य विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियों जैसे पोषण रैली पोषण प्रसाद, पोषण शिक्षा एवं जागरूकता, पोषण पंचायत व पोषण मटका, एनीमिया प्रबंधन, स्वस्थ बालक बालिका प्रतियोगिता आदि के साथ प्रत्येक परियोजना और आंगनवाड़ी केंद्र स्तर के साथ साथ पंचायत स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान यहां की ब्लाक पर्यवेक्षक हरभजन कौर ने जब माइक पकड़ा तो उनके बोल बिगड़ गए। उन्होंने पूरे ब्लाक के लोगों को मक्कार कहने के साथ खुद को भी मक्कार बता डाला। उन्होंने कहा कि, ब्लाक में सभी मक्कार हैं और इन लोगों को देख देखकर मैं भी मक्कार हो गई हूं। इतना ही नहीं, उन्होंने ये भी कहा कि, यहां के लोग गंदे हैं। आपको बता दें कि, जब ब्लाक पर्यवेक्षक बिगड़े शब्दों का इस्तेमाल कर रही थीं, तब वहां जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
बिगड़े बोल से बवाल मचाकर मांग ली माफी, देखें वीडियो
मामले को लेकर बाद में जब मीडिया द्वारा उनसे इसपर सवाल किया गया कि, आप पूरे ब्लॉक को मक्कार बता रही हैं तो हरभजन कौर को अपने शब्दों का अहसास हुआ और फिर उन्होंने इसप माफी भी मांग ली। उन्होंने कहा कि, 'मैं सिर्फ महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाफ की बात कर रही हूं। मेरे ऑफिस से लेकर सभी कार्यकर्ता और सहायिकाएं काम के प्रति मक्कारी मारती हैं।' उल्लेखनीय है कि, कुछ दिनों पूर्व जब कलेक्टर यहां एक कार्यक्रम में आए थे, तब भी हरभजन कौर बिना अनुमति लिए माइक उठाकर बोलने लगी थीं। इस पर कलेक्टर ने उन्हें फटकार भी लगाई थी।
परियोजना अधिकारी ने थमाया नोटिस
बदरवास परियोजना अधिकारी रजनी तोमर के अनुसार, उक्त घटनाक्रम के बाद तत्काल पर्यवेक्षक और को नोटिस थमा कर 3 दिन में जवाब मांगा है। यही नही, वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में भी उक्त मामला लाया गया है। जवाब आने के बाद ही कोई कार्रवाई आगे की जा सकेगी।
Updated on:
3 Sep 2022, 2:30 PM IST
Published on:
3 Sep 2022, 2:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.