
आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने वाले भाजपा नेता के घर पर बुधवार सुबह से ही बुलडोजर तैनात हो गया है। थोड़ी देर में उसके घर को तोड़ दिया जाएगा। इससे पहले राजस्व विभाग की सर्वे टीम उसके घर पर सुबह से ही डेरा जमाए हुए हैं। इससे पहले प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कह दिया था कि आरोपी के खिलाफ कानून अपना काम कर रहा है। अतिक्रमण चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। उसके खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला का मंगलवार को वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में प्रवेश शुक्ला एक आदिवासी विक्षिप्त युवक के सिर और मुंह पर पेशाब करते हुए नजर आ रहे थे। इसका वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संज्ञान लिया था और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करने को कहा था। चौहान ने कहा था कि उस पर ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि यह एक उदाहरण बन सके। इसके बाद गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी कहा था कि प्रवेश शुक्ला के घर पर बुलडोजर से कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सीधी जिले के विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला का विधायक प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला भाजपा में पदाधिकारी भी है।
Live Updates
3.00 pm
प्रशासन का बुलडोजर प्रवेश शुक्ला का घर तोड़ने के लिए तैयार। प्रवेश शुक्ला का घर सीधी से 20 किलोमीटर दूर कुबरी गांव में है। जो पंचायत भवन से सौ मीटर दूर है।
2.58 pm
आरोपी की मां का रोते हुए कहना है कि मेरे बेटे ने गलत किया है तो उसे सजा दीजिए। मेरा घर न गिराएं। यह घर मैंने बड़ी मुश्किलों से बनाया है।
2.30 pm
प्रशासन का अमला प्रवेश शुक्ला के मकान के सामने बुलडोजर लेकर मौजूद। पटवारी औ 70 से अधिक पुलिसकर्मी भी तैनात है। अपना मकान तुड़वाने से रुकवाने के लिए जीतोड़ कोशिश कर रहे हैं परिजन। जेसीबी देख एनएसए के आरोपी प्रवेश शुक्ला की मां और चाची बेहोश हो गई हैं। डाक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
2.00 pm
प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस का प्रदर्शन
आरोपी प्रवेश शुक्ला पर आरक्षक के साथ मारपीट सहित तीन मामले पहले से ही सीधी में दर्ज हैं। कांग्रेस ने शहर में रैली निकालकर किया प्रदर्शन। जिले से लेकर प्रदेश की राजनीति का सियासी पारा चढ़ा हुआ है।
12.30 PM
गृहमंत्री के निर्देश के बाद प्रवेश शुक्ला के घर पहुंची राजस्व और पुलिस की टीम। टीम ने जमीन और मकान का बारिकी से परीक्षण किया। नापजोख की गई। सरकारी जमीन पर कब्जा मिलने पर बुलडोजर चलाने की तैयारी।
11.15 AM
वीडियो वायरल होने के बाद प्रवेश शुक्ला के चाचा ने लिखाई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कुचवाही मंडल में पूर्व उपाध्यक्ष था आरोपी प्रवेश शुक्ला।
11.00 AM
रात दो बजे गिरफ्तार
इससे पहले मंगलवार और बुधवार रात 2 बजे प्रवेश शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उससे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। उसके खिलाफ एससी एसटी एक्ट में भी केस दर्ज किया गया है। जबकि पीड़ित परिवार की तरफ से कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
10.30 AM
भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला सीधी के विधायक केदार नाथ शुक्ला का विधायक प्रतिनिधि बताया जाता है। इस बारे में केदारनाथ शुक्ला का कहना है कि प्रवेश न तो मेरा प्रतिनिधि है और न ही पार्टी का कार्यकर्ता है। चूंकि मैं जनप्रतिनिधि हूं, तो मुलाकात होना संभव है।
डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा सरकार
भाजपा नेता के आदिवासी नेता के ऊपर पेशाब करने का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा सरकार अब डैमेज कंट्रोल में जुटी हुई है। इसलिए सख्त कार्रवाई कर प्रवेश शुक्ला पर एनएसए लगा दिया गया है। वहीं अब उसके घर पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में आदिवासियों की एक बडी़ आबादी है और भाजपा-कांग्रेस पार्टी दोनों ही इस बार आदिवासी वोटबैंक पर फोकस कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा नेता की इस करतूत भाजपा की जमकर किरकिरी हो रही है और कांग्रेस को हमला करने का मौका मिल गया है।
प्रियंका गांधी बोलीं- 18 साल में 30400 मामले
इधर, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी भाजपा नेता के पेशाब करने वाले वीडियो को रीट्वीट किया है। इसके बाद लिखा है कि मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक के एक करीबी द्वारा आदिवासी युवक के साथ की गई अमानवीय व घृणित हरकत बेहद शर्मनाक है। प्रदेश में भाजपा के 18 साल के शासन में आदिवासियों पर अत्याचार के 30,400 मामले सामने आए हैं। भाजपा राज में आदिवासी हितों पर केवल कोरे दावे और कोरी बातें हैं। आदिवासियों पर अत्याचार रोकने के असल कदम क्यों नहीं उठाती सरकार?
यह भी पढ़ेंः
Updated on:
5 Jul 2023, 4:07 PM IST
Published on:
5 Jul 2023, 3:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.