
IMD Cold Wave Alert: राजस्थान में शीतलहर का दायरा बढ़ रहा है। अब मौसम विभाग ने 21 दिसंबर तक अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम केन्द्र के अनुसार 16 शहरों में आगामी चार दिन शीतलहर का असर देखने को मिलेगा।
मौसम केन्द्र के अनुसार अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, सवाईमाधोपुर, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़, नागौर, श्रीगंगानगर में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। सीकर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को प्रदेश में करौली में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां रात का पारा 1.3 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम केन्द्र के अनुसार 19 दिसंबर के बाद एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में रात का पारे में और गिरावट होगी। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान के कोटा और भरतपुर संभाग में कोहरे की संभावना बनी रहेगी।
वहीं सीकर के फतेहपुर में तापमापी का पारा जमाव बिन्दू से उबरने के बाद भी सर्दी का सितम जारी रहा। उत्तरी हवाएं चलने के कारण सीकर में कड़ाके की सर्दी रही।
सीकर में सूर्योदय से उत्तरी हवाओं की रफ्तार कम हो गई। लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हुई। हवा में गलन कम होने से दोपहर में तेज सर्दी से कुछ निजात मिली। सूर्यास्त तक लोग सर्दी से बचने के लिए धूप में बैठे रहे।
Updated on:
18 Dec 2024, 10:39 AM IST
Published on:
18 Dec 2024, 7:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.