इंडियन ऑयल कार्पोरेशन, गेल इंडिया, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन, गुजरात गैस, जीआईजीएल व जिला प्रशासन व पुलिस के संयुक्त तत्वावदान में भीमाना में आपातकालीन ऑफ साइट मॉकड्रिल कर तेल पाइपलाइन में रिसाव से निपटने की तैयारियों को परखा गया। मॉकड्रिल के दौरान पाइप लाइन से तेल के रिसाव की सूचना मिलते ही पेट्रोलियम कम्पनियों के आपदा प्रबंधक टीम फायर ब्रिगेड़, एम्बुलेंस, मोबाइल ऑयल स्पील रिकवरी यूनिट (एमओएसआरयू) व अन्य संसाधन के साथ घटना स्थल पर पहुंची व आग को बुझाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। मॉकड्रिल के दौरान नगरपालिका की दमकल व चिकित्सा विभाग की एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंची। संयुक्त प्रयासों से आग की स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर पाइप लाइन की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए मरम्मत कार्य करवाया गया। इस दौरान पिंडवाड़ा नायब तहसीलदार, रोहिड़ा थानाधिकारी, सरूपगंज थानाधिकारी, आबूरोड सदर थानाधिकारी, आबूरोड रीको थानाधिकारी व आबूरोड शहर थानाधिकारी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।