सिरोही। इस बार मानसून सिरोही जिले में खूब मेहरबान है। जिले में मंगलवार को शुरू हुआ झमाझम बारिश (IMD Heavy Rain Alert) का दौर लगातार जारी है। जिले के कई इलाकों में गुरुवार रात व शुक्रवार सुबह भी अच्छी बारिश हुई। बारिश से जिला तरबतर हो गया। जिले के अधिकांश बांध लबालब हाेकर ओवरफ्लो हो गए, वहीं माउंट आबू में झरने तीव्र गति से बह रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक बीते 24 घंटे में माउंट आबू में 5.68 इंच बारिश हुई, जबकि जिले के रेवदर में 3.16 इंच, देलदर में 2.72 इंच और आबूरोड में 1.4 इंच बारिश हुई। सिरोही शहर में 4 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार को अलवर, भरतपुर, दौसा और धौलपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं रविवार से मानसून से सुस्त रहने की संभावना है।