
जयपुर। जवाहर सर्कल थाना पुलिस ने एक चोरी हुई लग्जरी एसयूवी को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चौकाने वाली बात यह है कि एसयूवी का मालिक खुद ही चोरी की साजिश का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस की कार्रवाई के दौरान, जैसे ही मालिक को इसकी भनक लगी, वह मोबाइल बंद कर फरार हो गया। अब पुलिस एसयूवी कार के मालिक की तलाश में जुटी है।
एसीपी आदित्य पूनिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी वेदप्रकाश चौहान उर्फ वरुण चौहान श्रीगंगानगर के गणेशगढ़ गांव का निवासी है। एसयूवी के मालिक, मालवीय नगर निवासी इन्द्रजीत ने 17 सितंबर को गाड़ी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
जांच के दौरान पता चला कि गाड़ी को श्रीगंगानगर की ओर ले जाया गया है। श्रीगंगानगर पुलिस की मदद से गाड़ी सूरतगढ़ में पकड़ी गई, जिसे चला रहा व्यक्ति वेदप्रकाश था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन्द्रजीत ने फाइनेंस की किस्तें नहीं चुकाने के लिए अपनी एसयूवी चोरी करवाने की साजिश रची थी। उसने अपने गांव के पड़ोसी वेदप्रकाश को बुलाकर चोरी की योजना बनाई।
Updated on:
26 Sept 2024 09:55 am
Published on:
26 Sept 2024 09:55 am
