
नई दिल्ली। कर्नाटक की सियासत ने कई करवट लेने के बाद बृहस्पतिवार को बीएस येदियुरप्पा को अपने 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते देखा। चुनाव में किसी भी पार्टी के बहुमत न लाने और कांग्रेस-जेडीएस के बीच गठजोड़ होने के बावजूद येदियुरप्पा का सीएम बनना किसी नाटकीय घटनाक्रम से कम नहीं है। हालांकि कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ही बनेंगे, इसकी भविष्यवाणी अंकों के आधार पर एक अंकशास्त्री ने पहले ही कर दी थी।
न्यूमेरोबे-कनेक्ट चलाने वाले अंकशास्त्री गौतम आजाद की मानें तो उन्होंने कर्नाटक चुनाव के दिन ही यानी 12 मई को ही घोषणा कर दी थी कि बीएस येदियुरप्पा के राज्य का मुख्यमंत्री बनने की संभावना ज्यादा है। अपने सोशल मीडिया पेज पर आजाद ने 12 मई की शाम 7 बजकर 26 मिनट पर इस बाबत घोषणा भी सार्वजनिक कर दी थी। लेकिन उन्होंने क्यों बीएस येदियुरप्पा के ही मुख्यमंत्री बनने की संभावना जताई यह जानना भी दिलचस्प है।
बीएस येदियुरप्पा से जुड़े अंकों का विश्लेषण करते हुए आजाद ने बताया कि उनका जन्म 27 फरवरी 1944 को हुआ था। जन्म तारीख (2+7=9) के अंकों को जोड़ने पर कुल 9 आता है जो उनका मूलांक है जबकि जन्मतिथि की तारीख, माह और वर्ष को जोड़ने पर (2+7+2+1+9+4+4=2) जन्मांक 2 आता है। इसके अलावा येदियुरप्पा अपने जीवन के 75वें वर्ष में चल रहे हैं जिसका जोड़ (7+5=12 और 1+2=3) 3 आता है। इतना ही नहीं चुनाव की तारीख 12 का जोड़ (1+2) भी 3 आता है और मतगणना की तारीख 15 का (1+5=6) जोड़ 6 है। वहीं, इस वर्ष 2018 का कुल जोड़ (2+1+8=11 और 1+1=2) 2 आता है, जो येदियुरप्पा के जन्मांक का भी है।
न्यूमेरोलॉजी के लिहाज से बीएस येदियुरप्पा के लिए 3, 6 और 9 शुभ अंक हैं और इन अंकों के होने पर उन्हें फायदा पहुंचने की संभावना ज्यादा होती है। हालांकि, आजाद ने यहां पर यह भी स्पष्ट किया कि बीएस येदियुरप्पा के परिजनों और नजदीकियों के मुताबिक उनकी सही जन्मतिथि 27 फरवरी 1944 ही है, जबकि विकिपीडिया और अन्य ऑनलाइन वेबसाइट पर उनकी जन्मतिथि 27 फरवरी 1943 लिखी हुई है, जिसके हिसाब से वे मुख्यमंत्री नहीं बन सकेंगे।
इसके अलावा गौतम आजाद ने एचडी कुमारस्वामी का भी आंकिक विश्लेषण किया। कुमारस्वामी की जन्मतिथि 16 दिसंबर 1959 है जो उन्हें (1+6+12+1+9+5+9=7) 7 नंबर मूलांक वाला बनाती है। जबकि उनका जन्मांक भी 7 आता है। मौजूदा वर्ष 2018 का जोड़ 2 आता है और नंबर 2 और 7 एक-दूसरे के प्रतिबिंब जैसे ही होते हैं। इसका मतलब कि कुमारस्वामी के लिए यह साल अच्छा तो है, लेकिन वो मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। वहीं, सिद्धारमैया की सही जन्मतिथि पता न होने के चलते आजाद ने इसका विश्लेषण नहीं किया।
Published on:
17 May 2018 02:26 pm
बड़ी खबरें
View Allखास खबर
ट्रेंडिंग
