scriptCWG 2022 Badminton mix team: पीवी सिंधु का जोरदार प्रदर्शन, मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने जीता सिल्वर मेडल | Patrika News
खेल

CWG 2022 Badminton mix team: पीवी सिंधु का जोरदार प्रदर्शन, मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने जीता सिल्वर मेडल

Birmingham CWG 2022: मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में भारतीय बैडमिंटन टीम को मलेशिया के हाथों 3-1 से हार का सामना करना पड़ा है। इसी के साथ भारतीय बैडमिंटन को कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा है।

नई दिल्लीAug 03, 2022 / 10:30 am

Siddharth Rai

badminton.jpg

Commonwealth Games 2022 Badminton mix team: बर्मिंघम में चल रहे 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स के पांचवे दिन भारतीय बैडमिंटन टीम को मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में मलेशिया के हाथों 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ भारत का एक और गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया और उसे सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। अगर भारत यह मैच जीत जाता तो वह इस इवैंट में उसका दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडल होता। भारतीय बैडमिंटन टीम ने 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। तब भारत ने फाइनल में मलेशिया को हराया था।

पहला मैच भारत हारा –
मिक्स्ड टीम इवेंट के पहले मैच में पुरुष डबल्स में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी को तेंग फोंग एरॉन चिया और वूई यिक सोह की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा। मलेशियाई जोड़ी ने पहला गेम 21-18 और दूसरा गेम 21-15 से जीत लिया। इस तरह मलेशियाई टीम 1-0 से आगे हो गई।

सिंधु ने कराई जोरदार वापसी –
इसके बाद दूसरे मैच में पीवी सिंधु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया की जिन वेई गोह को हराया और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। सिंधु और वेई गोह के बीच यह मुक़ाबला कांटे की टक्कर का था। पहला गेम सिंधु ने 22-20 से अपने नाम किया। पहले गेम में कड़ी टक्कर देखने को मिली। एक वक्त स्कोर 18-18 और फिर 20-20 की बराबरी पर था। इसके बाद सिंधु ने लगातार दो पॉइंट जीतकर 22-20 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में सिंधु ने कड़े मुकाबले में 21-17 से जीत हासिल की।

यह भी पढ़ें

वेटलिफ्टिंग में विकास ठाकुर को सिल्वर मेडल, भारत का 12वां पदक

तीसरा मैच हारा भारत –
तीसरे मैच में किदांबी श्रीकांत को एंग त्जे योंग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। श्रीकांत कड़े मुकाबले में पहला गेम 21-19 से हार गए। इसके बाद दूसरा गेम श्रीकांत ने 21-6 से जीत लिया। तीसरे और निर्णायक गेम में एंग त्जे योंग ने श्रीकांत को 21-16 से हरा दिया। इस तरह भारतीय टीम 2-1 से पीछे हो गई। इसके बाद भारत को स्वर्ण के लिए बाकी बचे दोनों मैच जीतने थे।

मलेशिया बना चैम्पियन –
चौथे मैच में विमेंस डबल्स का मुकाबला हुआ। इसमें मलेशिया की कूंग ली पियर्ली तान और मुरलीधरन थिनाह की जोड़ी ने त्रिषा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को 21-18, 21-17 से हरा दिया। इस तरह मलेशिया ने स्वर्ण पर कब्जा जमाया, जबकि भारत को रजत से ही संतोष करना पड़ा।

यह भी पढ़ें

Commonwealth Games 2022 से जुड़ी सभी लाइव अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

भारत के पदक विजेता
5 गोल्ड: मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम
5 सिल्वर: संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम
3 ब्रोंज: गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर

Home / Sports / CWG 2022 Badminton mix team: पीवी सिंधु का जोरदार प्रदर्शन, मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने जीता सिल्वर मेडल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो