
टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले जेवलिन थ्रोर नीरज चोपड़ा की एक बार फिर से तबियत बिगड़ गई। गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा मंगलवार को अपने होम टाउन पानीपत पहुंचे। वहां उनके स्वागत में भव्य कार्यक्रम रखा गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस बीच नीरज की तबियत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। समालखा के हल्दाना बॉर्डर से उनका काफिला गांव खंडरा पहुंचा। खंडरा में बीच स्वागत कार्यक्रम से नीरज को मंच के पीछे से ले जाया गया। नीरज को पिछले तीन दिन से तेज बुखार आ रहा है। उन्होंने तेज बुखार में ही 75वें स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आई थी
तेज बुखार होने पर नीरज चोपड़ा का कोविड टेस्ट भी हुआ था। हालांकि उनका कोविड टेस्ट नेगेटिव आया था। नीरज को 3 दिन से बुखार आ रहा था। वहीं कार्यक्रम स्थल पर बहुत ज्यादा भीड़ होने के कारण कार्यक्रम को जल्दी खत्म कर दिया गया। इससे पहले नीरज तबियत खराब होने की वजह से हरियाणा सरकार के सम्मान समारोह में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे। शुक्रवार को हरियाणा सरकार की तरफ से आयोजित सम्मान समारोह आयोजिलत किया गया था। इसमें नीरज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़े थे।
नीरज के स्वागत में उमड़ी भीड़
नीरज टोक्यो से लौटने के 10 दिन बाद अपने घर खंडरा आए हैं। सुबह से ही वहां दके लोग नीरज का इंतजार कर रहे थे। जब नीरज गांव खंडरा पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। नीरज के गांव खंडरा से 5 किलोमीटर पहले गांव खुखराना के लोग चांदी का भाला लेकर नीरज को भेंट करने पहुंचे।
कार रैली के दौरान असहज दिखे नीरज
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली से नीरज के लिए कार रैली निकाली गई। इस कार रैली में ही नीरज दिल्ली से पानीपत पहुंचे। रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि कार रैली के दौरान नीरज तबियत की वजह से असहज नजर आए। दिल्ली से पानीपत तक पहुंचने में कार रैली को करीब 6 घंटे लग गए। वहीं धूप और गर्मी की वजह से भी नीरज थोड़े परेशान हो रहे थे।
Updated on:
17 Aug 2021, 4:33 PM IST
Published on:
17 Aug 2021, 4:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.