
नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा को चारों तरफ से बधाइयां मिल रही हैं। महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने चोपड़ा को कंपनी की आगामी एसयूवी एक्सयूवी 700 उपहार के रूप में देने का वादा करा है। चोपड़ा के पदक जीतने के कुछ देर बाद ही महिंद्रा ने यह ऐलान किया।
एसयूवी को तैयार रखने को कहा
दरअसल, ट्विटर पर एक फॉलोअर ने महिंद्रा से चोपड़ा को एक एक्सयूवी 700 उपहार में देने की अपील करी। इसके बाद महिंद्रा ने लिखा, “हां बिल्कुल। हमारे गोल्डन एथलीट को एक्सयूवी 700 उपहार में देना मेरा सौभाग्य और सम्मान होगा।” उन्होंने महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक राजेश जेजुरिकर और सीईओ (ऑटोमोटिव डिविजन) विजय नाकरा को टैग कर उनसे नीरज के लिए एक एसयूवी को तैयार रखने को कहा।
ये पहला मौका नहीं है जब आनंद महिंद्रा ने किसी खिलाड़ी को कार गिफ्ट करने का वादा करा है। इससे पहले उन्होंने रियो ओलंपिक में पदक जीतने वालीं साक्षी मलिक और पीवी सिंधू को महिंद्रा की थार को गिफ्ट करा था। गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा आज भारत के लिए ओलंपिक में किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए।
जीतने के बाद बधाई संदेश दिया
वहीं सबसे प्रसिद्ध स्प्रिंटर्स में से एक पीटी उषा ने नीरज चोपड़ा को भारत के लिए ट्रैक एवं फील्ड में पहला स्वर्ण जीतने के बाद बधाई संदेश दिया। गौरतलब है कि उषा 1984 में लॉस एंजिल्स ओलिंपिक में 400 मीटर बाधा दौड़ में एक सेकंड के 1/100 वें हिस्से से कांस्य पदक से चूक गई थीं।
उषा ने नीरज चोपड़ा के साथ एक तस्वीर को शेयर किया और ट्वीट किया, '37 साल बाद आज मेरे अधूरे सपने को साकार किया। धन्यवाद मेरे बेटे- नीरज।' इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर करीब 40 हजार से अधिक लाइक्स मिले। वहीं 8 हजार से ज्यादा बार री-ट्वीट किया गया। उषा को भारतीय ऐथलेटिक्स की गोल्डन गर्ल भी कहा जाता है।
इस वर्ग में अब तक का यह पहला पदक है
गौरतलब है कि नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक खेलों में शनिवार को भाला फेंक वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। भारत के लिए ओलंपिक ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताओं में अब तक का यह पहला पदक है। हरियाणा के पानीपत में स्थित खांद्रा गांव में किसान के बेटे 23 वर्षीय नीरज ने दूसरे प्रयास में रिकॉर्ड कायम किया। 87.58 मीटर तक भाला फेंककर पूरे विश्व को हैरान कर दिया।
Published on:
08 Aug 2021 12:55 am
